-फुटपाथ पर मां के साथ सो रही बच्ची के संग की थी दरिंदगी

LUCKNOW: कृष्णानगर पुलिस ने फुटपाथ पर अपनी मां के संग सो रही मासूम बच्ची को अगवा कर दरिंदगी करने के आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि आरोपी स्मैक का आदी है और घटना के वक्त भी नशे में धुत था।

मां के शक जताने पर पुलिस ने दबोचा था

बीती 9 मई की रात मां के संग फुटपाथ पर सो रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची को अज्ञात शख्स ने अगवा कर लिया था। बच्ची के संग रेप की कोशिश में नाकाम रहने के बाद वह उसे एक ठेले पर फेंककर भाग निकला था। एसओ कृष्णानगर अश्विनी पांडेय के मुताबिक, जांच में जुटी पुलिस टीम को पता चला कि घटना के बाद से वहीं पर सोने वाला पल्लेदार अभिषेक गायब चल रहा था। पीडि़ता की मां ने भी अभिषेक पर शक जताया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को पुलिस को इंफॉर्मेशन मिली कि अभिषेक बारा बिरवा लेबर मंडी में मौजूद है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभिषेक को दबोच लिया। गिरफ्त में आने पर पुलिस ने उससे सख्त पूछताछ शुरू की। कुछ देर तक पुलिस को बरगलाने के बाद अभिषेक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है। वारदात वाले दिन वह नशे में धुत था। रात को उसकी नींद खुली तो बच्ची को लेटा देख उसकी नीयत खराब हो गई और वह उसे लेकर फीनिक्स मॉल की ओर भाग निकला। जहां उसने उसके संग दरिंदगी की।