- महर्षिपुरम में हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा

- चार बदमाश पकड़े, कैश और असलाह बरामद

आगरा। थाना सिकंदरा के महर्षिपुरम में डॉक्टर के घर लूटपाट परिचित ने ही कराई थी। डॉक्टर करोड़ों रुपये की जमीन खरीदने वाले थे। घर पर रकम होने के अंदेशा होने के चलते वारदात को अंजाम दिया गया था। एसपी सिटी ने बुधवार को वारदात का खुलासा कर दिया।

सीसीटीवी में हुए थे कैद

महर्षिपुरम में बदमाशों ने 13 जुलाई को दिनदहाड़े डॉक्टर अतुल बंसल की कोठी में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उस दौरान उनके छोटे भाई दीपक की पत्नी तनुजा वहां पर मौजूद थीं। तनुजा के हौसले से बढ़ी वारदात टल गई थी, लेकिन बदमाश कैश और कुछ आभूषण ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज में तस्वीर कैद होने के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।

घर में रकम होने की थी जानकारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सिटी ने बताया कि डॉक्टर अतुल बंसल के यहां आवास विकास कॉलोनी निवासी एक शख्स उनका परिचित था। उसे डॉक्टर परिवार के बारे में पूरी जानकारी थी। उसे हाल ही में पता चला था कि डॉक्टर बोदला में एक करोड़ की जमीन खरीदने वाले है। उसे घर में एक करोड़ रुपये होने का अंदेशा था।

लूट की प्लानिंग की तैयार

इसी के बाद उसने बदमाशों से संपर्क किया। पकड़े गए बदमाशों में पुरुषोत्तम सरगना है। उस पर चार मर्डर के मामले एटा व एक थाना सदर में दर्ज है। परिचित शख्स की सूचना के बाद पुरुषोत्तम ने रेकी की। तय समय पर उसने वारदात को अंजाम दिया। लेकिन उसे यह नहीं पता था कि यहां से कुछ अधिक नहीं मिलेगा। सुरेश सेंगर के हाथ में तमंचा था। सीसीटीवी कैमरे में हाथ में तमंचा लिए सुरेश नजर आ रहा है। एक परिचित के अलावा दो से तीन लोग और हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है जो इस वारदात की प्लानिंग में हैं।

शिव मंदिर के पास से दबोचा

एसपी सिटी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश यमुना नदी के किनारे शिव मंदिर के पास मौजूद हैं। किसी घटना को अंजाम देने की नई प्लानिंग तैयार कर रहे हैं। इसी के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। तलाशी में उनसे माल भी बरामद हो गया।