RANCHI : युवतियों को छेड़ा तो मनचलों की खैर नहीं। रांची पुलिस ने मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए नया तरीका अख्तियार किया है। अब स्कूल-कॉलेज के आसपास सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वे न सिर्फ मनचलों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे, बल्कि अगर किसी ने किसी युवती को छेड़ा अथवा अश्लील कमेंट्स करने की कोशिश की तो उसे मौके पर ही दबोच लिया जाएगा। इसके बाद उसे नजदीकी थाने के हवाले कर दिया जाएगा। यहां उसके अभिभावकों को बुलाकर उसके हरकतों की जानकारी दी जाएगी। फिर, पीआर बांड भराया जाएगा। एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने इस बाबत सभी थानेदारों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।

साहसी लड़कियां होंगी सम्मानित

एसएसपी ने कहा कि मनचलों की हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देने वाली युवतियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर युवतियां बिना किसी डर भय के मनचलों का विरोध करेंगी तो निश्चित तौर पर उनमें खौफ पैदा होगा। युवतियों को चाहिए कि वह अपनी आत्मरक्षा के लिए खुद को तैयार रखें। उन्होंने यह भी कहा कि युवतियों की सुरक्षा के लिए रांची पुलिस तत्पर है। अगर कहीं छेड़खानी होती है तो वे तुरंत इसकी जानकारी दें। पुलिस तुरंत एक्शन लेगी।

रातू से पकड़े गए थे पांच शोहदे

रविवार को रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ चौक स्थित तारा होटल के पास से रातू पुलिस ने लड़कियों को छेड़ने के आरोप में पांच मनचलों को गिरफ्तार किया था। ये सभी युवक रविवार की सुबह 7 बजे लड़कियों को छेड़ रहे थे। इसकी सूचना लड़कियों ने काठीटांड़ चौक में खड़ी पीसीआर को दी। पीसीआर के अधिकारियों एवं जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों को हिरासत में ले लिया था। इन शोहदों के पास से नशे का सामान भी बरामद किया गया था।