- शनिवार सुबह पीछा करने पर बदमाशों ने मारी थी गोली

- स्कैच से पुलिस को मिले कुछ अहम सुराग, पूछताछ जारी

आगरा। सिपाही सतीश की हत्या करने वालों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है। एक सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की फुटेज कैद हुई है। लेकिन तस्वीर धुंधला होने से दिक्कत हो रही है। फिर भी पुलिस ने बदमाश के पहनावे व बताई गई लंबाई आदि से स्कैच तैयार करवा ईनाम घोषित किया है। जिससे पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

बढ़ती जा रही संदिग्धों की संख्या

थाना एत्माद्उद्दौला सौ फुटा रोड पर पल्सर सवार बदमाशों ने शनिवार सुबह सिपाही सतीश चंद की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में स्कैच तैयार करवाया। इससे पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। अब तक इस मामले में 40 से अधिक लोगों से पूछताछ हो चुकी है। संदिग्धों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को उठाए गए लोगों के परिवार की भीड़ थाने पर मौजूद थी। सभी पुलिस से अपने सदस्य को छुड़ाने की गुहार लगा रहे थे।

पुलिस पहुंची नजदीक

सूत्रों के मुताबिक पुलिस बदमाशों के काफी नजदीक पहुंच चुकी है। पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। लेकिन पुलिस अभी पड़ताल कर रही है कि वह बदमाश है या नहीं। माना जा रहा है कि पुलिस की पड़ताल सही दिशा में चल रही है। जल्दी मामले में खुलासा किया जा सकता है।

बॉक्स

शातिर ले रहे एक दूसरे के नाम

पुलिस ने मामले में कुछ अपराधियों को उठाया, तो उन्होंने अपने आस पड़ोस के लोगों के नाम ले दिए। पुलिस ने उन्हें भी उठा लिया। लेकिन बाद में उनकी स्थिति क्लीयर हुई, तो पुलिस ने उन्हें छोड़ा।

बदमाश घर से हुए गायब

पुलिस ने कई पुराने बदमाशों के यहां दबिश दी, लेकिन वह अपने घर से गायब दिखे। सिपाही हत्याकांड होते ही एरिया के पुराने अपराधी अलर्ट हो गए। पुलिस उन तक पहुंचे इससे पहले ही वह भूमिगत हो गए। पुलिस ने कई बदमाशों के यहां दबिश दी, लेकिन वह नदारद मिले। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर लौट आई।