फिर से हुआ अवैध वसूली का वीडियो वायरल

नकली नोट के मामले में मिली भगत का लगा था आरोप

आगरा। अवैध शराब की बिक्री को संरक्षण। नकली नोट के कारोबारियों पर वरदहस्त। अब सरेआम वाहनों से हाईवे पर वसूली। शायद एत्मादउद्दौला थाने की पुलिस का यही असली चेहरा बन चुका है। फातिमा का मामला अभी सुर्खियों में है, अब थाने से जुड़े एक सिपाही द्वारा अवैध वसूली के वायरल हुए वीडियो ने पुलिस महकमे की फजीहत करा दी है। सरेआम एक सिपाही फ्लाईओवर पर 'नो एंट्री' में भारी वाहनों की 'एंट्री' कराने के एवज में वसूली कर रहा है।

एक और वीडियो वायरल

अब थाना एत्मादउद्दौला पुलिस का एक और अवैध वसूली का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में एक सिपाही राम बाग फ्लाईओवर पर खड़ा हुआ है। साथ में उसका एक गुर्गा भी है। सिपाही दोपहर से लेकर रात तक कई ट्रकों से अवैध वसूली करता हुआ दिखाई दे रहा है। अब वह वीडियो कई मोबाइलों में चल रहा है। वीडियो में पुलिस की जीप भी दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल के बार पुलिस की सिरदर्दी और बढ़ गई है। थाने में सिपाही के बारे में जानकारी की जा रही है।

फातिमा केस में पहले ही संदिग्ध भूमिका

सुशील नगर क्षेत्र में नकली नोटों के कारोबार की जानकारी होने से पुलिस ने इनकार किया है लेकिन एनआईए की टीम ने मौके से बांग्लादेशी महिला फातिमा को पकड़ कर नकली नोटों के कारोबार से परदा हटा दिया। इसके बाद भी पुलिस जानकारी होने से इनकार कर रही है। फातिमा पांच बार पकड़ी भी गई फिर भी पुलिस अपने उसी जबाव पर है, जो पहले था कि जांच चल रही है।

बीट सिपाही का आखिर क्या काम है

यदि मान लिया जाए कि पुलिस को जानकारी नहीं है तो चौकी इंचार्ज और बीट सिपाही की क्षेत्र में भूमिका क्या रहती है। बीट सिपाही एरिया की रग-रग से वाकिफ होता है। कहां क्या चल रहा है उसे इस बात की पूरी जानकारी होती है। कोई भी मामला होने पर बीट सिपाही से जानकारी की जाती है। लेकिन इस बार पुलिस से चूक कैसे हो गई।

गूंगा का वीडियो भी हुआ था वायरल

थाना एत्मादउद्दौला का अवैध वसूली का वीडियो पहली बार वायरल नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार वीडियो वायरल हुआ है। फातिमा का पति गूंगा पुलिस के लिए अवैध वसूली का काम करता था। वह दबंगई से ट्रक आदि को रोक कर रुपया मांग लेता था और चुपचाप रुपया सिपाही के हाथ में थमा देता था। इस मामले में भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है।