अमरनाथ यात्रियों पर हमले को लेकर शहर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन

ALLAHABAD: जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को सिटी में विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

एयू में जलाया पाकिस्तानी झंडा

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्रसंघ की ओर से पाकिस्तान का झंडा जलाया गया। छात्रों ने पाकिस्तान और नवाज शरीफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। छात्रसंघ के पूर्व सांस्कृतिक मंत्री जितेन्द्र शुक्ला ने छात्रों की अगुवाई की।

आतंकवाद का फूंका पुतला

भाजपा आईटी विभाग की ओर से भाजपा नेता कृष्ण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सुभाष चौराहे पर नवाज शरीफ की शव यात्रा निकाल आतंकवाद का पुतला फूंका गया। बजरंग दल प्रयाग महानगर व विहिप की ओर से घटना के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया गया। महानगर संयोजक अभिमन्यु शाही ने मानवाधिकार आयोग पर सेना को परेशान करने का आरोप लगाया। जनहित त्रिवेणी संस्थान की मीटिंग में श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए 13 जुलाई को यज्ञ व पिंडदान कराने का निर्णय लिया गया। हेमंत पाण्डेय, अंकुश शर्मा मौजूद रहे। अभाविप की ओर से सुभाष चौराहे पर आतंकवाद का पुतला फूंका गया। रिंकू पयासी व अनुज शर्मा ने घटना की निंदा की। हियुवा की ओर से रामभवन चौराहे पर पाकिस्तान का झंडा जला, आतंकवाद का पुतला फूंका गया। जिलाध्यक्ष अमित प्रताप सिंह ने नेतृत्व किया। मां माधुरी वेलफेयर फाउंडेशन व आईएसएफएटी की ओर से भी विरोध दर्ज कराया गया।