सिद्धार्थ नाथ सिंह के आवास के सामने छात्रों और कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

allahabad@inext.co.in ALLAHABAD: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पांच दर्जन से अधिक बच्चों की मौत के बाद पब्लिक का गुस्सा अब सामने आने लगा है।

पुलिस आने से पहले खिसके

रविवार को इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र, समाजवादी छात्र सभा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के सिविल लाइंस स्थित आवास के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मंत्री के आवास पर अंडे और टमाटर फेंके। इस दौरान वे स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। विरोध की जानकारी होने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची प्रदर्शन व हंगामा करने वाले खिसक गए। प्रदर्शन करने वालों में अदील हमजा साहिल, संदीप यादव, मो। इमदाद, अमरीश यादव, फैशल अकबर, मो। सुफियान, सुधीर यादव आदि शामिल रहे। आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन के सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह का पुतला फूंक कर विरोध जताया।

कांग्रेसियों ने भी किया प्रदर्शन

कांग्रेस के जिला महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही कैंट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं। केंद्र की मोदी और प्रदेश में योगी सरकार चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम साबित हुई है। बच्चों की मौत पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बेतुका बयान दे रहे हैं। प्रदेश सरकार को ऐसे मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में विजय श्रीवास्तव, जिसान अहमद, शिव करन, मो। हसीन, मो। अकरम, महताब खां, सरफराज खान, मुजीब कुरैशी आदि शामिल रहे। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुन्द तिवारी ने भी गोरखपुर कांड को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।