-मंडुआडीह से डेली सुबह सवा छह बजे पटना के लिए होगी रवाना

-कैंट, मुगलसराय, बक्सर, आरा होते हुए सुबह 10.35 बजे पहुंचेगी पटना

VARANASI

पीएम नरेंद्र मोदी 12 मार्च को बनारस आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ फ्रांस के राष्ट्रपति भी होंगे। इस ऐतिहासिक पल के दौरान पीएम मंडुआडीह-पटना इंटरसिटी को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई इंटरसिटी ट्रेन मंडुआडीह से डेली सुबह सवा छह बजे पटना के लिए रवाना होगी। कैंट, मुगलसराय, बक्सर, आरा होते हुए ट्रेन सुबह 10.35 बजे पटना पहुंचेगी। यह ट्रेन कैंट स्टेशन पर सुबह 6.25 बजे पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 7.20 बजे मुगलसराय पहुंचेगी। मुगलसराय में भी ट्रेन का ठहराव 10 मिनट का है। मंडुआडीह से रवाना होने वाली इंटरसिटी ट्रेन का नंबर 15125 है। वहीं पटना से मंडुआडीह के लिए रवाना होने वाली ट्रेन का नंबर 15126 है। वापसी में पटना से इंटरसिटी ट्रेन की रवानगी शाम 5.45 बजे होगी। वापसी में यह ट्रेन मुगलसराय में रात 8.55 बजे पहुंचेगी। 10 मिनट के ठहराव के बाद रात 9.35 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी। रात 10 बजे मंडुआडीह स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने का समय तय किया गया है। ट्रेन में एसी फ‌र्स्ट व सेकेंड के चेयर कार के अलावा दो कोच स्लीपर, दो कोच जनरल के साथ टोटल 14 कोच होंगे।

.तो जर्नी होगी आसान

ट्रेन परिचालन के बाद बनारस से पटना तक की जर्नी बेहद आसान हो जाएगी। अभी तक पटना से बनारस आने के लिए अधिकतर ट्रेंस मुगलसराय तक ही सर्विस देती रही हैं, जबकि बनारस के विकास को आधार बनाकर देखा जाए तो बिहार के रहने वालों ने बड़ी संख्या में यहां पर घर बना लिया है। ऐसे में यह ट्रेन किसी संजीवनी से कम नहीं होगी।