RANCHI : रांची नगर निगम से स्पैरो कंपनी को बाहर रास्ता दिखाए अभी तीन दिन भी नहीं हुए कि निगम में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। गुरुवार को निगम में न तो वाटर कनेक्शन के आवेदन पर कोई काम हुआ और न ही रेवेन्यू कलेक्शन के लिए ही कर्मचारी निकले। निगम में स्पैरो द्वारा खोले गए सभी काउंटर बंद किये जा चुके हैं। आम लोग अपना काम लेकर जब निगम पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि सर्वर ठप है। कोई डाटा फीड नहीं हो रहा है, जिसके चलते अगले दस दिनों तक कोई काम नहीं होगा।

सीएम ने दिया था हटाने का आदेश

झारखंड के सभी नगर निकायों में होल्डिंग टैक्स कलेक्शन के लिए अलग-अलग एजेंसियों को काम दिया गया था। सभी का कार्यादेश निरस्त करने का आदेश मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 19 जून को दिया था। ये एजेंसियां टैक्स वसूलने के एवज में कहीं 12 फीसदी तो कहीं 16 फीसदी कमीशन ले रही थीं। इसका विरोध नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने भी किया था।

अब स्वयं सेवकों की होगी बहाली

नगर निकायों में टैक्स वसूलने का काम अब स्वयं सेवकों के द्वारा किया जाएगा। कहा जा रहा है कि विज्ञापन निकाल कर उनकी बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, जब तक उनकी बहाली नहीं हो जाती, तब तक निगम के राजस्व कर्मचारियों को इसका जिम्मा सौंपा गया है, लेकिन रांची नगर निगम में राजस्व कर्मचारियों की संख्या इतनी कम है कि उनके जरिये यह काम होना मुमकिन नहीं है।

काउंटर बंद, लौट रहे लोग

रांची नगर निगम में कंपनी के काउंटर बंद कर दिये गए हैं। वहां निगम ने अपने किसी कर्मचारी को भी नहीं बिठाया है। लोग अपने काम लेकर जब निगम पहुंच रहे हैं, तो उन्हें निराशा हाथ लग रही है। दफ्तर में लोग जब कर्मचारियों से संबंधित काम के बारे में पूछ रहे हैं, तो उन्हें जवाब मिल रहा है कि सर्वर ही क्लोज है, जिस कारण अभी कोई काम संभव नहीं है।

कोट

तत्काल निगम के पांच टैक्स कलेक्टर को रेवेन्यू कलेक्शन का जिम्मा दिया गया है। जब तक स्वयं सेवकों की बहाली का आदेश नहीं निकलता है, तब तक निगम के कर्मचारी ही व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाएंगे।

आशा लकड़ा, मेयर