- क्षेत्र के गोलू यादव ने ईनामी बदमाश राजू बहेलिया को ढाई लाख में दी थी सुपारी

-50 नवंबर को राजू और उसके एक साथी ने नवीन को किया था गोलियों से छलनी

-पुलिस ने मैनपुरी से राजू को किया गिरफ्तार, गोलू और एक अन्य आरोपी अभी फरार

KANPUR: बिल्हौर में पत्रकार नवीन गुप्ता की हत्या चुनावी रंजिश में की गई थी। चेयरमैन का चुनाव लड़ने वाले एक प्रत्याशी ने उसकी सुपारी दी थी। पुलिस ने शनिवार को मैनपुरी से सुपारी किलर और 50 हजार के ईनामी राजू बहेलिया को गिरफ्तार कर यह खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि राजू बहेलिया ने नरेंद्र यादव और एक अन्य साथी की मदद से नवीन गुप्ता की हत्या की थी। उसे बिल्हौर निवासी गोलू यादव उर्फ पंकज ने ढाई लाख की सुपारी दी थी।

क्राइम ब्रांच कर रही थी इंवेस्टिगेशन

बिल्हौर निवासी नवीन गुप्ता एक न्यूज पेपर में रिपोर्टर था। वह 30 नवंबर को कस्बे स्थित दुकान से रेलवे पटरी की ओर गया था। इसी दौरान वहां पर दो शातिरों ने उसको गोलियों से छलनी कर दिया था। सीसीटीवी में दो संदिग्ध युवकों की फुटेज कैद हुई थी, लेकिन फुटेज धुंधली होने से उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। एसएसपी ने तत्कालीन एसओ और सीओ को वहां से हटा कर इस वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच और अन्य एजेंसियों को लगाया था। इस हत्याकांड के विरोध में पत्रकार समेत अन्य संगठनों ने प्रदर्शन किया था।

कत्ल के पीछे ये थी प्लानिंग

पुलिस के मुताबिक गोलू शातिर अपराधी है। गोलू की सपा नेता निर्भय यादव से छत्तीस का आकड़ा चलता था। जबकि निर्भय से नवीन गुप्ता अच्छे संबंध थे। इसके चलते गोलू नवीन से रंजिश मानने लगा था। नवीन की हत्या के करीब छह महीने पहले निर्भय से संबंध खराब गए थे। इसी बीच चेयरमैन का चुनाव शुरू हुआ। इसमें गोलू ने नवीन की हत्या करवाकर निर्भय को फंसाने की साजिश रची। इसके पीछे गोलू का मानना था कि निर्भय हत्या के मामले में जेल चला जाए और वह चुनाव जीत जाएगा।

हिरासत में लेकर छोड़ दिया था

गोलू यादव ने राजू को सुपारी देने के बाद 29 नवंबर को बिल्हौर बुलाया था। गोलू ने शाम को नवीन की दुकान के बाहर जाकर राजू से उसकी पहचान कराई थी। इसके अगले दिन राजू साथी नरेंद्र यादव के साथ बाइक से बिल्हौर पहुंचा था, जबकि उसका एक साथी बस से वहां पहुंचा था। शाम को तीनों नवीन की दुकान के बाहर पहुंच गए थे। नवीन जैसे ही दुकान से निकला। राजू और नरेंद्र ने उसे गोलियों से छलनी कर दिया। बिल्हौर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शक के आधार पर राजू को पहले भी हिरासत में लिया था, लेकिन राजू पुलिस को झांसा देकर निकल गया था। पुलिस का कहना है कि उस समय उनके पास राजू के खिलाफ कोई सबूत नहीं था।

कौन है राजू बहेलिया

राजू बहेलिया मैनपुरी के बेवर इलाके का रहने वाला है। बिल्हौर पुलिस ने करीब छह महीने पहले उसको प्रधान राम सिंह की हत्या में गिरफ्तार किया था। उसके साथ प्रॉपर्टी डीलर गोलू यादव भी जेल गया था। राजू कन्नौज विशुनगढ़ में एक हत्या के मामले भी वांछित था। उस पर पचास हजार का ईनाम था। नवीन हत्याकांड में उस पर 25 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने राजू बहेलिया को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन गोलू और नरेंद्र अभी भी फरार है। दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है।