Meerut: रिटायर्ड फौजी के संदिग्ध हालात में लापता होने की घटना का राजफाश करते हुए पुलिस ने उसकी साली को गिरफ्तार किया है। साली ने पहले नींद की गोली और फिर खाने में सल्फास देकर हथौड़े से वार कर रिटायर्ड फौजी को मौत के घाट उतारा। इसके बाद उसने बहन के देवर की मदद से शव को खतौली गंग नहर में फेंककर उसकी कार सड़क पर लावारिस खड़ी कर दी। पुलिस ने नहर में शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

 

कंकरखेड़ा में रह रहे थे सुभाष

बागपत के गांव सिखेड़ा निवासी सुभाष सिंह डागर फरवरी 2017 में सेना में सिपाही से रिटायर्ड हुए थे। पांच वषरें से वह पत्नी अनीता (38 वर्ष), बेटी निकिता (8 वर्ष) व बेटा वंश (6 वर्ष) के साथ कंकरखेड़ा क्षेत्र की रोहटा रोड स्थित नंदविहार कॉलोनी में रह रहे थे।

 

साली से मिलने गया था

सुभाष की ससुराल बड़ौत के पास गांव सिरसली में है। सुभाष की अपनी आठ सगी साली है, जिसमें से दो साली सुनीता और इंद्रेश सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर में रहती हैं। सात दिसंबर की शाम सुभाष अपनी ऑल्टो कार में साली सुनीता से मिलने सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर पहुंच गया।

 

बेटों के साथ रहती है सुनीता

सुनीता अपने पति को छोड़कर दो बेटों के साथ रहती है। इसके बाद सुभाष का सुराग नहीं लगा और मोबाइल भी बंद हो गया। सुनीता ने अपनी बहन अनीता से कहा था कि जीजा दस मिनट रुकने के बाद मेरठ के लिए रवाना हो गए थे।

 

कुबूली हत्या की वारदात

20 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस फौजी की तलाश में जुट गई। सुभाष के मोबाइल की आखिरी लोकेशन मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन क्षेत्र की मिली। पुलिस ने सुभाष की साली सुनीता से पूछताछ की तो उसने तीन बार बयान बदले। इसके बाद सख्ती से पूछताछ में उसने सुभाष की हत्या की वारदात कुबूल कर ली.

 

हत्या के बाद शव नहर में फेंका

7 दिसंबर की रात को उसने नींद की गोलियां व जहर देने के बाद सिर पर हथौड़े से हमला कर सुभाष की हत्या कर दी। इसके बाद सुनीता बहन इंद्रेश के घर जाकर उसके देवर सूरज को साथ ले आई। शव को खतौली की गंगनहर में फेंकने के बाद कार सरधना रोड पर खड़ी कर दोनों फरार हो गए।

 

रिटायर्ड फौजी सुभाष की हत्या उसी की साली सुनीता ने की थी। गंग नहर में शव की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी सफलता नहीं मिल सकी है। अपहरण का केस हत्या में तरमीम किया जाएगा।

दीपक शर्मा, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा

Crime News inextlive from Crime News Desk