जानकारी होते ही भड़का कर्मचारियों का गुस्सा, प्रदर्शन कर जताया विरोध

ALLAHABAD: आजादी से पहले 1889 से लेकर अब तक लगातार सेना के जवानों को दूध मुहैया कराने वाली सबसे पुरानी डेयरी अब बंद होगी। इसके लिए इंडियन गवर्नमेंट ने नोटिस जारी करते हुए तीन महीने का समय दिया है। डेयरी और फार्म हाउस को बंद किए जाने की जानकारी मिलते ही डेयरी से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया।

चौफटका के पास करीब 128 वर्ष से चल रही सेना की डेयरी में बड़े पैमाने पर दुग्ध उत्पादन होता है। इस समय करीब पांच सौ से अधिक गायें डेयरी में मौजूद हैं। इनकी सेवा के साथ ही डेयरी संचालन के लिए 200 से अधिक कर्मचारी रखे गए हैं। अचानक डेयरी बंद किए जाने का आदेश मिलते ही कर्मचारियों का गुस्सा भड़क उठा। कर्मचारियों ने रविवार को मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शन करने वालों में शिवबरन सिंह, पुन्नूलाल, सुरेश, प्रेमचंद्र, रामआसरे, प्रेमनारायण आदि शामिल रहे।