- थाना लोहामंडी के राज नगर की घटना

आगरा। थाना लोहामंडी स्थित राज नगर में रविवार की रात सवा नौ बजे बच्चों के विवाद के बाद बड़े आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। इस दौरान मौके पर दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक लोग मौके से भाग निकले। पथराव में कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए एसएन भेजा है।

बच्चों में हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक रात में कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। उनमें कुछ विवाद हो गया। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि घर के बड़े भी बाहर आ गए। गाली-गलौज होने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। दोनों तरफ से ईट पत्थर फिंकने लगे। मौके पर भगदड़ मच गई।

घरों में छिपे लोग

अचानक पत्थर फिं कने से एरिया के लोग डर गए। लोग घरों में कैद हो गए। पत्थरों की आवाज से बच्चों में दहशत फैल गई। इस दौरान पत्थर लगने से कुछ लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना पर थाना लोहामंडी का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस के आते ही बवाली भाग निकले। पुलिस को मौके पर कुछ नहीं मिला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल भेजा।

अभी नहीं आई कोई तहरीर

थाना लोहामंडी इंस्पेक्टर विनय कुमार मिश्र के मुताबिक मामूली बच्चों का विवाद था इसके बाद दो पक्षों में पथराव हुआ है। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। मौके पर कोई नहीं मिला है। मौके पर सुरक्षा के लिहाज से फोर्स तैनात किया गया है।