महाशिवरात्रि पर स्नान करने के लिए पहुंचा था, नहाते वक्त डूबा

चार घंटे बाद निकाला गया तो हो चुकी थी मौत, फफक पड़े परिजन व friends

ALLAHABAD: घरवालों ने बेटे को पढ़ा लिखाकर एक बेहतर इंसान बनाने का सपना देखा था। इसके लिए उन्होंने ममता से समझौता कर लिया और बेटे को इलाहाबाद भेज दिया। पैरेंट्स के साथ खुद के सपने को संजोने में लगा छात्र शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर स्नान के दौरान गंगा में समा गया। यह सीन देखकर उसके दोस्तों ने अपने स्तर पर उसे बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। उनके शोर मचाने पर पहुंचे गोताखोर और मल्लाह जब तक उस तक पहुंचते वह बहते हुए दूर जा चुका था। बाहर निकालने में करीब चार घंटे लग गए। तब तक उसकी सासें थम चुकी थीं।

आजमगढ़ का रहने वाला था

मृतक का नाम पवन कुमार यादव था। वह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के अतरौलिया का रहने वाला था। उसके पिता जमुना प्रसाद परिवार के साथ में रहते हैं। बेटे को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए उन्होंने बेटे पवन का दाखिला इलाहाबाद में कराया था। यहां उसने बीकॉम में दाखिला लिया था। सलोरी में किराए पर कमरा ले कर सीएमपी डिग्री कॉलेज में बीकॉम तृतीय वर्ष की कक्षा में पढ़ रहा था। सुबह करीब नौ बजे वह दोस्त प्रवीण सिंह सहित अन्य के साथ सलोरी स्थित गंगा घाट पर स्नान करने के लिए गया था। गंगा में स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और लहरों के चलते डूबने लगा। यह देखकर दोस्त सन्नाटे में आ गए। उन्होंने उसे बचाने की कोशिश की पर असफल रहे। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को उसकी तलाश में लगा दी। करीब चार घंटे बाद गोताखोरों ने उसके शव को पानी से बाहर निकाला। शव को देखते ही साथ रहे उसके दोस्त रो पड़े।

गंगा में डूबने से पवन की मौत हुई है। काफी प्रयास के बाद शव मिल गया है। इस बात की खबर उसके परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।

-मनोज कुमार तिवारी

इंस्पेक्टर कर्नलगंज