-दूसरे दिन बच्चा जेल पर उत्पात मचाने के पीछे आखिर क्या है वजह

- इस उत्पात के 10 ऐसे कारण जिससे घटना ने विकराल रूप ले लिया

nikhil.sharma@inext.co.in

मेरठ: मेरठ संप्रेक्षण गृह में बंदी किशोर जमकर उत्पात मचा रहे हैं। बेशक, बंदी किशोर जेल में मिलने वाली सुविधाओं से संतुष्ट नहीं है। लेकिन ऐसा नहीं है कि सिर्फ इस वजह से ही ये किशोर बंदी इतने बडे़ बवाल पर उतारू हो गए हैं। इस गदर के पीछे दस बड़े गुनाहगार है। दस बड़े कारण हैं, जिन्होंने बच्चा जेल के हालातों को देयनीय कर दिया है।

खाना समय पर नहीं मिलना

जेल में हुए इतने बड़े बवाल के पीछे एक बड़ा कारण किशोरों को समय पर खाना भी नहीं मिलना है। जेल में किशोर दो दिन से भूखे हैं। किशोरों को नाश्ता दोपहर में तो खाना शाम को मिलता है। इससे ये किशोर पूरी तरह से उग्र हो गए हैं।

बिजली सबसे बड़ी समस्या

इस बवाल के होने की सबसे बड़ी समस्या तो बिजली भी है। पूरे शहर में बिजली के हालात सभी को पता हैं। लेकिन जेल में जनरेटर होने के बावजूद बिजली नहीं चलती है। जिससे ये किशोर गर्मी से परेशान होते हैं।

पानी भी नहीं मिलता

ये किशोर पूरी तरह से जेल में गंदगी में रह रहे हैं। इन किशोरों को नहाने तक को पानी नहीं मिल पाता है। वहीं इतनी गर्मी में ठंडे पानी की भी जेल में व्यवस्था नहीं है। ये वजह इन किशोरों का सुकून खो रही है।

नशा की लत

बाल संप्रेक्षण गृह में नाबालिगों को सुधारा जाता है। लेकिन बंदी किशोर जेल में खुलेआम सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। किशोर सूखे नशे में दिख रहे हैं। सुल्फा, भांग, चरस जैसे खतरनाक नशा जेल में पहुंचाया जा रहा है। इससे इन किशोरों की मानसिक स्थिति पर बड़ा असर पर पड़ रहा है। यही कारण है कि ये किशोर अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।

स्टॉफ की मिली भगत

जेल में नशे का सामान कहां से आता है। जेल में पैसा कहां से पहुंचता है। जेल में इतनी अव्यवस्था कैसे है। ये वो सवाल हैं जो किशोरों के साथ जेल स्टॉफ की मिलीभगत की ओर अंदेशा दे रहे हैं। इन सब कारणों से ये किशोर अब उग्र हो गए हैं।

स्टाफ का सही व्यवहार नहीं

जेल स्टॉफ का सही व्यवहार भी नहीं होना इस गदर की मुख्य वजह है। कर्मचारियों की किशोरों के साथ बत्तमीजी करना इन किशोरों को सताता है। जिससे ये किशोर उग्र हो गए हैं।

पैसा कहां से आता है

किशोरों के पास पैसे की भी कोई कमी नहीं होती है। सवाल ये है कि इन किशोरों के पास इतना पैसा आखिर आता कहां से है। किशोर पैसों के दम पर ही बाहर से नशे का सामान मंगवा रहे हैं।

दबंग हैं बंदी किशोर

बंदी किशोरों की पूरी एक वानर सेना है, जो जेल स्टाफ पर पूरी तरह से हावी रहती है। यहां पर क्99 बंदी किशोरों के मुकाबले बेहद कम स्टॉफ है। ऐसे में बंदी किशोर स्टाफ पर हावी रहते हैं और स्टॉफ हमेशा किशोरों का मान मनव्वर करता दिखता है।

किशोरों को छूट देना

किशोरों को एक दूसरे से मिलने की पूरी छूट दी जाती है। डर के मारे स्टॉफ इन किशोरों से पंगा भी नहीं लेता है। ऐसे में इन किशोरों का ग्रुप बन गया है। जो पूरे जेल के किशोरों पर हावी हो गए हैं।

प्रशासन की कमजोरी

बच्चा जेल में किशोर किस तरह से रह रहे हैं। उन्हें यहां पर किस तरह का खाना दिया जा रहा है। जेल में कोई अव्यवस्था तो नहीं है। जेल में नशे का सामान कैसे पहुंच रहा है। इस सारे मामले में प्रशासन को अपनी निगरानी रखनी चाहिए थी। लेकिन या तो प्रशासन को इस सारे खेल की जानकारी है, या फिर प्रशासन ने बेहद कमजोर रूख बच्चा जेल पर अख्तियार किया है।