लोअर बाजार, कोतवाली और जगन्नाथपुर में घटी घटना

RANCHI (21 Apr) : रांची नगर निगम का चुनाव परिणाम आने के बाद कई जगहों पर विजय जुलूस में मारपीट की घटना घटी। हारे हुए प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी और उनके समर्थकों के साथ मारपीट की। इस दौरान लोअर बाजार, कोतवाली और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात घटना घटी है। तीनों जगहों पर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत की गई। इधर, सिटी एसपी अमन कुमार ने कहा कि तीनों जगहों पर मामले की जांच डीएसपी स्तर के पदाधिकारी करेंगे। डीएसपी सुपरविजन में जांच के बाद दोषियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

पार्षद प्रत्याशी पर छेड़खानी का आरोप

वार्ड 21 के पार्षद प्रत्याशी अभय कुमार जायसवाल समेत तीन लोगों पर छेड़खानी व जबर्दस्ती का आरोप लगाया गया है। इसमें पंकज वर्मा और संजय वर्मा भी शामिल हैं। यह आरोप एक युवती ने लगाया है। वह पुरानी रांची की रहने वाली है। घटना शाम पांच बजे की है। इस मामले में कोतवाली थाना में तीन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई है। दूसरी ओर, पार्षद प्रत्याशी अभय कुमार जायसवाल की ओर से भी शिकायत की गई है। अभय ने कहा है कि शुक्रवार की शाम वह कुम्हार टोली के पास खड़ा था। इसी बीच पार्षद प्रत्याशी केके गुप्ता के समर्थक रॉकी गोप, चंदन वर्मा द्वारा मारपीट करते हुए जान मारने की धमकी दी गई। पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपित मौके से भागे थे।

पार्षद नाजिमा रजा पर जानलेवा हमला

लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित कर्बला चौक के पास वार्ड 16 की पार्षद नाजिमा रजा पर जानलेवा हमला किया गया। नाजिमा रजा पर जानलेवा हमला का आरोप संजू उर्फ मो सलाउद्दीन और ¨रकू पर लगा है। हमले की सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। इसमें पुलिस को मौके से 7.65 का तीन खोखे मिले हैं। इस मामले में वार्ड पार्षद नाजिमा रजा ने लोअर बाजार थाना में दोनों के खिलाफ नामजद शिकायत की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सबिता के समर्थकों पर हमला

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लेटंगा टोली स्थित तिरंगा चौक के पास वार्ड 51 की पार्षद सबिता लिंडा के समर्थकों पर विजय जुलूस में लाठी व तलवार से जान लेवा हमला किया गया। इस घटना में गुड्डू शर्मा, अन्नू लामा, विवेक, मनीष तमांग घायल हो गए। जान लेवा हमला करने का आरोप समुंदर मिर्घा और सन्नी पर लगाया गया है। इस मामले में पार्षद सबिता ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जबकि, दूसरे पक्ष की ओर से पूजा कुमारी, नेहा कुमारी, अंजू समेत अन्य लोगों ने वार्ड पार्षद सबिता लिंडा के समर्थकों पर शराब के नशे में धुत होकर महिलाओं व लड़कियों से अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी का आरोप लगाया है। जिन पर आरोप लगा है उनमें गुड्डू शर्मा, अन्नू शर्मा, विवेक, संतोष, सुमीत समेत अन्य लोग है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से लिखित शिकायत ले ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।