- यात्रियों में आक्रोश किया हंगामा

BAREILLY:

बरेली जंक्शन से चलकर भुज को जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस थर्सडे को अचानक रद कर दी गई। जिसकी वजह से यात्रियों में काफी रोष रहा। यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल आला हजरत एक्सप्रेस जंक्शन से सुबह 6 बजे रवाना होती है। लेकिन भुज से चल कर बरेली आनी वाली ट्रेन काफी बिलंब से पहुंची। जिसकी वजह से ट्रेन को रद कर दिया गया। वहीं बाकी ट्रेनों में होली के बाद भी सीट के लिए जदोजहद बनी रही। थर्सडे को जंक्शन पर भीड़ इतनी अधिक रही कि यात्री कोच में खिड़की के माध्यम से एंट्री कर रहे थे। फिर भी कई यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके।

खिड़की के सहारे कोच में घुसने का प्रयास

आला हजरत के रद होने के बाद प्लेटफॉर्म नम्बर-2 पर दोपहर डेढ़ बजे के करीब बरेली-दिल्ली अंदौरा एक्सप्रेस लगी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही कोच में सवार होने के लिए यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। भीड़ इतनी अधिक रही कि पुरुष ही नहीं बच्चे और महिला यात्री भी खिड़की के सहारे कोच में घुसने की कोशिश कर रहे थे। क्योंकि, भीड़ के आगे गेट के रास्ते एंट्री करने की लोग हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

बत्ती गुल अनाउंसमेंट बंद

जंक्शन पर दोपहर 1 बजे के ट्रेनों के अनाउंसमेंट ऑफिस की बत्ती गुल हो गई। जिसकी वजह से ट्रेनों का अनाउंसमेंट भी बंद हो गए। करीब आधा घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। ट्रेनों का अनाउंसमेंट नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत प्लेटफॉर्म नम्बर-2,3 और 4 के यात्रियों को होना पड़ा। उन्हें ट्रेनों के बारे में जानकारी के लिए प्लेटफॉर्म नम्बर-1 पर आना पड़ रहा था।