-संडे को ठप रहे आधा दर्जन से अधिक सबस्टेशन

KANPUR: संडे की सुबह पनकी ट्रांसमिशन का 60 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर बन्द हो गया। जिसके चलते केस्को के शास्त्री नगर, पनकी बी ब्लाक और इंडस्ट्रियल एरिया फजलगंज सबस्टेशन ठप हो गए। इन सबस्टेशनों से जुड़े घर अन्धेरे में डूब गए और फैक्ट्रीज में कामकाज ठप हो गया।

ब्रेकर खराब

संडे की सुबह 4.20 बजे नवीन नगर काकादेव सबस्टेशन भी ठप हो गया। फिर ये 5.30 बजे करीब चालू हो सका। केस्को अफसरों के मुताबिक पनकी 220 केवी के ब्रेकर में प्रॉब्लम की वजह से पॉवर सप्लाई ठप हुई है। वहीं दूसरी ओर ट्रांसमिशन अफसरों के मुताबिक नवीन नगर फीडर में जर्क की वजह से ट्रांसमिशन का 60 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर ट्रिप हुआ है। सर्वोदय नगर स्थित आरटीओ सबस्टेशन और जी-1 फीडर भी सुबह 9.40 बजे ठप हुआ। आरटीओ सबस्टेशन तक 20 मिनट चालू हो गया, लेकिन जी-1 फीडर को चालू करने में केस्को को 1.30 घंटे से अधिक समय लग गया। वहीं खासबाजार और छप्पर मूलगंज सबस्टेशन से जुड़े हजारों घरों में सुबह से शाम तक लाइट गायब रहे। जिससे बच्चों को काफी निराशा हुई। सुबह 10.15 बजे ठप हुए ये दोनों सबस्टेशन शाम 4 बजे करीब चालू हो सके। केस्को अफसरों के मुताबिक पेड़ों की छंटाई के लिए पॉवर शटडाउन लिया गया था।