- भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में दाखिल कराने को बनारस से उठी आवाज

VARANASI

भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुधवार को भोजपुरी जनजागरण अभियान की ओर से किये जा रहे प्रदर्शन के समर्थन में वाराणसी में भी आवाज उठी। भोजपुरी मंच की ओर से मंच के नरिया, लंका स्थित कार्यालय पर 'ट्वीट कार्यक्त्रम' का आयोजन किया गया। पीएम व होम मिनिस्टर को ट्वीट कर भोजपुरी को आठवीं अनुसूची मे शामिल करने का निवेदन किया गया। आयोजन मे भारी संख्या मे भोजपुरी से जुड़े लोगों का जुटान हुआ। शिकागो, न्यूयॉर्क, लंदन, दुबई, सिंगापुर, मॉरीशस, बैंकाक से तथा भारत में मुम्बई, कोलकाता, भोपाल, गोरखपुर, लखनऊ,बलिया, गाजीपुर, कुशीनगर सहित अनेक शहरों से लोगों ने भोजपुरी को मान्यता देने के लिए हैशटैग Istandwithbhojpuri के साथ ट्वीट किया। इस अवसर पर जन भोजपुरी मंच के संयोजक प्रो सदानंद शाही ने कहा कि भोजपुरी का अपार साहित्य है तथा भोजपुरी क्षेत्र की जनता व्यवहारिक रूप से इस भाषा का प्रयोग करती है। इसलिए इसको उचित स्थान मिलना चाहिए। प्रो अवधेश प्रधान ने कहा कि मोदी जी ने लोकसभा चुनाव के दौरान भोजपुरी क्षेत्र की जनता से वादा किया था की सरकार बनने पर भोजपुरी को मान्यता देगें, लेकिन इस मुद्दे पर केवल अभी भी आश्वासन ही मिल रहा है। प्रो मृदुला सिंहा ने भी विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ जान्हवी सिंह, डॉ शैलेन्द्र सिंह, धीरज कुमार गुप्ता, दिलीप सिंह, इन्दुशेखर, रूद्र प्रताप, मनोहर कृष्ण, हिमांशु, ममता, दीपा वर्मा, स्वाति, प्रियंका आदि लोग मौजूद रहे।