समय- सुबह 9:50

मतदान केंद्र- सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज सैदाबाद

vineet.tiwari@inext.co.in

वैसे तो सैदाबाद बेल्ट के अधिकतम मतदान केंद्र संवेदनशील माने जाते हैं और गुरुवार को इस केंद्र का भी यही हाल रहा। भारी संख्या में अ‌र्द्धसैनिक बल लगाए गए थे। यहां के दोनों बूथों पर तीन घंटे में कुल 2758 में से 387 वोट पड़ चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पिछले चुनाव से संगीनो के साए में वोटिंग होती है। इतनी देर में सीआरपीएफ के अधिकारियों की गाड़ी आ गई और केंद्र का निरीक्षण होने लगा। पार्टी समर्थकों को बूथ से दूर खदेड़ दिया गया।

अब कउनो दिक्कत नाही होत बा। पुलिस वाले कलै से इहां लगा हैं। कउनो दिक्कत होई तो बताए दिया जाई। गांव के विकास होए रन होए, वोट तो देइन के बा। पहिले लड़ाई होत रही लेकिन अब सब ठीक है।

ठाकुर प्रसाद, सैदाबाद

घर के कुछ काम निबटा के वोट देने आए हैं। आराम से वोटिंग हो रही है। रात से पुलिस वाले गांव में गश्त कर रहे हैं। कुछ अधिकारी भी आए थे हालचाल लेने। उन्होंने कहा डरना मत।

सुदामा देवी, सैदाबाद

समय- सुबह 10:10

मतदान केंद्र- जूनियर हाई स्कूल हंडिया

जबरदस्त फोर्स के बीच सन्नाटे में वोटिंग हो रही है। पुलिस को पता है कि जरा सी ढील देने पर माहौल गर्म हो सकता है। गेट के पास पुलिस भीड़ को हटा रही है, तभी पुलिस अधिकारियों की टीम निरीक्षण के लिए पहुंचती है। केंद्र का सघन निरीक्षण हो रहा है, शायद कोई शिकायत मिली है लेकिन अधिकारी रिपोर्टर के सवाल को टाल जाते हैं। वोटर्स अपने कैंडिडेट के पक्ष में लाइन में लगे थे। इसके बाद भी यह विधानसभा अपने पिछले रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकी। इस बार यहां करीब 2.03 फीसदी कम वोट पड़े।

बहुत ज्यादा कड़ाई है। पुलिस किसी को आसपास फटकने नहीं दे रही है। वोट देकर निकल जाना ही बेहतर है। वोटर पर्ची के साथ वोटर कार्ड या आधार कार्ड भी दिखाना पड़ रहा है।

शाह मोहम्मद, म्योड़ान मोहल्ला हंडिया

भाजपा और सपा के बीच जबरदस्त वोटिंग चल रही है। इनमें से किसी की जीत होना निश्चित है। वोटर्स भी अपने घर से निकलकर बाहर आ रहे हैं।

सावित्री, जंघई रोड हंडिया