RANCHI : स्मार्ट सिटी के शिलान्यास समारोह में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू को आमंत्रित किया जाएगा। जल्द ही भूमि पूजन समारोह की तारीख तय कर ली जाएगी। एचईसी में 656.43 एकड़ जमीन में स्मार्ट सिटी की नींव रखी जाएगी। नगर विकास विभाग की ओर से शुक्रवार को स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान को लेकर स्टेक होल्डर्स के साथ हुई मीटिंग में इसे लेकर कई सुझाव आए। विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी के अलावा शहर में दो फ्लाई ओवर और तीन नए प्रोजेक्ट की भी नींव रखी जाएगी।

सुझाव हैं आमंत्रित

स्मार्ट सिटी कैसी होनी चाहिए, इसके लिए लोग अपने सुझाव दे सकते हैं। नगर विकास विभाग की वेबसाइट पर इस बाबत तमाम जानकारी उपलब्ध है। विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अबतक जो सुझाव मिले हैं, उसका अध्ययन किया जा रहा है। जरूरत होने पर उस हिसाब से स्मार्ट सिटी के डिजाइन में बदलाव किए जाएंगे। मौके पर विभागीय अधिकारियों के अलावा क्रेडाई अध्यक्ष कुमुद चौधरी, आर्किटेक राजीव चड्डा समेत कई एक्सप‌र्ट्स मौजूद थे।

स्मार्ट सिटी में होंगी आधुनिक सुविधाएं

स्मार्ट सिटी के लिए मास्टर प्लान तैयार है। इसी के अनुरुप इसका इसका निर्माण किया जाएगा। यहां लोगों की जरूरतों व सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। यहां संस्थानों के लिए 134 एकड़, आवास के लिए 86.51 एकड़, कॉमर्शियल सेक्टर के लिए 67 एकड़, मिक्स्ड यूज कॉम्पोनेंट के लिए 69 एकड़ व ओपेन स्पेस के लिए 245 एकड़ जमीन होगी। इसके अलावा स्किल डेवलपमेंट पार्क, स्टूडेंट्स रिसोर्स सेंटर, टेक्निकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी, आवास, हॉस्टल, कन्वेंशन सेंटर, शॉपिंग मॉल, होटल, वेंडिंग जोन, सरकारी दफ्तर, ट्रांजिट हब, ट्रांसपोर्ट नगरी समेत कई अन्य सुविधाएं भी होंगी।