- सिटी के न्यूक्लियस मॉल के सामने निकाला कैंडल मार्च

- दुष्कर्म, हत्या और छेड़खानी के खिलाफ जताया आक्रोश

- 'दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट' की प्रतियों के साथ किया प्रदर्शन

RANCHI (15 Apr) : एक तरफ शहर में निकाय चुनाव का शोर है, तो दूसरी तरफ बेटियों के खिलाफ बढ़ी हिंसा से लोगों में आक्रोश भी है। इसी क्रम में सिटी की लड़कियां रविवार को सड़क पर उतर आयीं। गम और आक्रोश के माहौल में शहर की बेटियों ने अपने लिए सुरक्षा की मांग तो की ही, साथ ही साथ पीडि़तों को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की भी गुहार लगायी। बड़ी संख्या में युवाओं ने सिटी के न्यूक्लियस मॉल के सामने कैंडल मार्च निकाला, जिसमें 'दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट' की प्रतियां लहराते हुए प्रदर्शन भी किया।

संगठन ने नहीं, स्टूडेंट्स ने थामी कमान

प्रदर्शन किसी संगठन के तत्वाधान में न हो कर युवाओं और महिलाओं द्वारा किया गया। इसमें कॉलेज के स्टूडेंट्स के अलावा मॉडल, कलाप्रेमी और महिलाएं शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी में छेड़खानी, झूठे फेसबुक एकाउंट के जरिये ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में शहर की महिलाएं सरकार और प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग कर रही हैं।