- 5 जून से शुरू होना है डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन

- 2 लाख घरों में बांटे जाएंगे डस्टबिन

- 4 लाख डस्टबिन वितरण करने की है योजना

- 2 कंपनियों को सौंपी गई है कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी

- लेटर हुआ इश्यू पर नहीं हुए अभी तक साइन

आई एक्सक्लूसिव

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। दो दिन बाद नगर निगम को घर-घर डस्टबिन का वितरण करना है। लेकिन अभी तक कंपनियों से अनुबंध नहीं हुआ है। संबंधित कंपनी को लेटर तो नगर निगम ने इश्यू कर दिया है। पर उस पर अभी तक नगर आयुक्त के साइन नहीं हुए हैं। ऐसे में कंपनी मालिक पर डस्टबिन वितरण और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर असमंजस है।

2 लाख घरों में होगा वितरण

दरअसल, नगर निगम ने 5 जून को शहर के दो लाख घरों में चार लाख डस्टबिन वितरण करने हैं। लेकिन अभी तक अनुबंध नहीं हुआ है तो वितरण कैसे होगा। यह सवाल भी उठ रहा है।

दो कंपनियों से अनुबंध

बीते माह 26 मई को महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगरायुक्त डीकेएस कुशवाह ने नगर निगम स्थित सभागार में एक बैठक निगम अधिकारियों के साथ की थी। इसमें डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली दो कंपनियों सोसाइटी फॉर एजूकेशन वेलफेयर फॉर ऑल तथा अर्वा एसोसिएट्स ने प्रजेंटशन दिया था। जिसमें ये तय किया गया कि 80 वार्डो की जिम्मेदारी इन दोनों कंपनियों को दी जाएगी।

दो दिन में कैसे होगी तैयारी

डस्टबिन वितरण व डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में दो दिन शेष बचे हैं। लेकिन अनुबंध अभी तक नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि दो दिन में कैसे 4 लाख घरों तक डस्टबिन का वितरण होगा और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम कैसे शुरू होगा।

लोगो को करेंगे जागरूक

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम को लोगों को जागरूक भी करना है। उन्हें बताना है कि कौन से डस्टबिन में गीला कूड़ा डालना है या फिर कौन से डस्टबिन में सूखा कूड़ा डालना है।

---

वर्जन

कंपनी से तैयारी करने के लिए बोल दिया गया है। पांच जून को डस्टबिन वितरण और कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू कर दिया जाएगा। साइन होने शेष बचे है। वैसे कंपनी को अनुबंध का लेटर इश्यू कर दिया गया है।

डॉ। कुंवर सेन नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम