RANCHI: इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में रांची में करीब पौने तीन लाख नए लोग वोट करेंगे। ये ऐसे लोग हैं, जो पिछली लोकसभा चुनाव 2014 में वोट नहीं किए थे। रांची में इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान करीब 2 लाख 77 हजार नए वोटर्स अहम भूमिका अदा करेंगे। मालूम हो कि रांची लोकसभा क्षेत्र में पिछली बार 18,46,774 वोटर्स थे। ऐसे में 2019 के लोकसभा चुनाव में रांची क्षेत्र में कुल 21,23,791 वोटर्स हो जाएंगे। इनमें पुरुष 11,06,573 व महिला वोटर्स 10,17,218 हैं।

प्रकाशन 30 को

नई मतदाता सूची का प्रकाशन 30 जनवरी को किया जाएगा। पहले 21 जनवरी को प्रकाशन की तिथि तय थी, लेकिन किसी कारणवश प्रकाशन की तिथि बदलनी पड़ी। 30 जनवरी को प्रकाशित होने वाली वोटर लिस्ट को ही लोकसभा के लिए अंतिम सूची मानी जा रही है। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अब 30 जनवरी को हर हाल में इसका प्रकाशन कर दिया जाएगा और इसी के आधार पर लोकसभा चुनाव होगा।

नए वोटरों पर फोकस

इतनी बड़ी संख्या में हर साल नए जुड़ रहे वोटरों पर सारी सियासी पार्टियों की नजर है। इनमें से कई वोटर्स ऐसे हैं जो 2014 के चुनाव के समय स्कूल में पढ़ रहे थे। ऐसे में इन नए वोटर्स को राजनीतिक पार्टियां रिझाने के लिए सोशल मीडिया से लेकर तमाम उपाय अपना रही हैं।

पहली बार 74 किन्नर भी करेंगे वोट (बाक्स)

रांची लोकसभा चुनाव में पहली बार किन्नर भी वोट करेंगे। दरअसल, 74 किन्नरों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है। इनमें सबसे अधिक रांची विधानसभा क्षेत्र के 32, मांडर विस क्षेत्र के 18, हटिया के 16, कांके के छह, तमाड़ और सिल्ली के एक-एक किन्नर शामिल हैं। रांची लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिर्फ खिजरी विधानसभा क्षेत्र ही ऐसा है, जिसमें कोई किन्नर वोटर नहीं होगा। मिली जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में किन्नर वोटरों के लिए स्थान नहीं रखा गया था, लेकिन इस बार इन्हें भी वोट करने का मौका मिलेगा।

वर्जन

रांची लोकसभा क्षेत्र में में बहुत सारे नए वोटर्स जुड़े हैं, जो इस साल के चुनाव में वोट करेंगे। यह अच्छी शुरुआत है कि लोग अवेयर हो रहे हैं। नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा रहे हैं। 30 जनवरी को मतदाता लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

राय महिमापत रे, डीसी रांची