RANCHI: उमस भरी गर्मी से लोगों का दिन का चैन और रात की नींद खराब हो गई है। वहीं हीट वेब के कारण लोग आग की तरह झुलस रहे हैं। पसीने से भीगे लोगों को न तो पंखे से राहत मिल रही है और न ही कूलर लोगों को ठंडक दे पा रहा है। इतना ही नहीं, 39 डिग्री में ही लोगों को तपाने वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो सोमवार को भी हीट वेब से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं अगले हफ्ते से सिटी में बारिश की संभावना जताई गई है।

मार्केट में सन्नाटा, घरों में दुबके लोग

अब तक की गर्मी से लोगों को कूलर पंखे राहत दे रहे थे। लेकिन दो दिनों से उमस वाली गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं बिजली के नहीं रहने से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। रोड पर भी लोग नहीं के बराबर देखे जा रहे हैं। जलाने वाली गर्मी में लोग घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं।

खाने-पीने में चूक कर सकती है बीमार

झुलसाने वाली गर्मी में लोग खुद को राहत पहुंचाने के लिए कोल्ड ड्रिंक्स, सॉफ्ट ड्रिंक का भरपूर सेवन कर रहे हैं। लेकिन गर्मी में तुरंत ठंडा पीना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचाने के लिए काफी है। इतना ही नहीं, बाहर की चीजें खाने से भी आप सीधे हास्पिटल पहुंच जाएंगे। गर्मी बढ़ते ही हास्पिटलों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

इन बातों का रखें ध्यान

-नींबू पानी, नारियल पानी, दही और छाछ का सेवन करें, जिससे कि शरीर में पानी की कमी नहीं हो

-ज्यादा कोल्ड ड्रिंक पीने से बचें नहीं तो हो सकता है नुकसान

-चाट-पकौड़ी या अन्य तेल व मसालेदार चीजों को खाने से बचें

-कटे हुए फल तरबूज, खरबूज, पुराने फल, इनसे बने जूस का सेवन न करें

-ताजे फल खरीदें और कटे हुए फल को तुरंत उपयोग में लाएं

वर्जन

मौसम में अचानक से बदलाव आया है। ऐसे में अगर बॉडी टेंपरेचर को मेंटेन नहीं करेंगे, तो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। धूप में अगर जरूरी न हो तो निकलने से बचें। अगर जाना जरूरी है तो पूरे कपड़े पहनकर और पानी पीकर ही बाहर जाएं। इस मौसम में खाली पेट रहना खतरनाक हो सकता है। बाहर की बनी चीजें कम से कम खाएं। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं। चूंकि इस मौसम में होने वाली समस्या में खुद से दवा लेना नुकसान हो सकता है।

-डॉ। बी कुमार, रिम्स