सदर थाना क्षेत्र के नैनाना जाट में सनसनीखेज घटना

क्षेत्र के ही बाप-बेटों ने दिया घटना को अंजाम

परिवार की युवती से प्रेम संबंध के चलते की हत्या

आगरा। प्यार के दीवाने अंधे होते हैं। ये कहा जाता है, लेकिन प्यार के दुश्मन क्रूर और निर्दयी होते हैं, इसकी बानगी रविवार को सिटी में उस वक्त दिखी, जब सदर थाना के नैनाना जाट निवासी जूता कारीगर को मौत के घाट उतारकर उसे बाजरे की करब डालकर जला डाला। पिता ने उसका पैर देखकर शिनाख्त की। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक फरार चल रहा है।

जूते का काम करता था मृतक

नैनाना जाट निवासी 19 वर्षीय राजाबाबू पुत्र राज अविवाहित था। वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी पांच बहन हैं। पिता टैंट का काम करते हैं। राजाबाबू घर पर ही जूते का काम करता था। वह फिटर का काम करता था। मंटोला से माल लाकर घर पर ही जोड़ी तैयार करता था।

घर से बुलाकर ले गए उसे

शनिवार रात साढ़े आठ बजे बस्ती में ही लूला उसे घर से बुलाकर ले गया। उसे ऑटो से ले जाया गया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। देर तक न लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता होने लगी थी। लोग उसे तलाशने निकले।

प्रधान को पता पड़ गया था

लोगों ने बताया कि सबसे पहले प्रधान को पता पड़ा कि कुछ लोग एक युवक को जला रहे हैं। उसके बाद ही मामला खुल पाया। जानकारी होने पर परिवार के लोग पहुंच गए। लोगों के आने पर हत्यारोपी मौके से फरार हो गए।

पैर से की शिनाख्त

परिजनों ने किसी तरह आग को बुझाया, लेकिन उसकी हालत देखी तो उनकी चीख निकल गई। क्यों कि वह बुरी तरह से जल चुका था। साथ ही उसका चेहरा कुचला हुआ था। वह पहचान में नहीं आ रहा था। उसका पैर वाला हिस्सा जलने से बच गया। राजा बाबू का पैर बचपन से थोड़ा मुड़ा हुआ था। पैर देखते ही पिता जमीन पर गिर पड़े। वह उनके घर का ही चिराग था, जिसे हत्यारों ने फूंक दिया। पुलिस ने अधजली अवस्था में बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

घर से बुलाकर ले गया था उसे

परिजनों के मुताबिक राजाबाबू की तबियत खराब थी। उसे कहीं भी न जाने की बोलकर घर में ही रखा गया था। रात में लूला घर आया था। वह उसे घर से सामने वाली एक दुकान पर ले गया। वहां से ऑटो में बैठाकर ले गया। करीब पौन घंटे बाद लूला लौट आया। परिजनों के पूछने पर उसने कहा, वह हमारे साथ नहीं है।

दो पैदल, दो बाइक से भागे

परिजनों के मुताबिक जब लोगों ने किसी को जलाए जाने की बात कही तो वे मौके पर गए। उस दौरान वहां से दो लोग बाइक से भागते देखे गए। दो पैदल गांव की तरफ फरार हुए थे। पिता ने पैर व हाथ में पड़ी अंगूठी देखकर उसकी शिनाख्त कर दी थी। परिजनों के मुताबिक पहले उसका चेहरा पत्थरों से कुचला गया था, उसके बाद उसको आग के हवाले किया गया।

पुलिस ने पकड़े हत्यारोपी

पुलिस ने इस सम्बंध में लूला और उसके पिता ओमप्रकाश को बंदी बनाकर जेल भेजा है। इस मामले में तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग का है। राजा बाबू का लूला के घर आना जाना था। हत्यारोपी परिवार की युवती से मृतक के प्रेम संबंध बताए गए हैं। इसी का बदला लेने की भावना से इस हत्याकांड को अंजाम दिया, लेकिन मृतक के परिजनों ने अनभिज्ञता जताई है।