-महिला ने रेप के प्रयास का विरोध करने पर तेजाब डालने का लगाया आरोप

-पुलिस बता रही झगड़े में तेजाब डालने का मामला, आरोपी गिरफ्तार

BAREILLY :

नवाबगंज में गन्ना कोल्हू पर पानी पीने आई एक महिला को मालिक थर्सडे बुरी नीयत से दबोच लिया। आरोप है कोल्हू मालिक ने उसके साथ रेप का प्रयास किया तो महिला ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार की दो अन्य महिलाएं आई तो कोल्हू स्वामी ने उनपर तेजाब फेंक दिया। इसमें पीडि़ता समेत तीन महिलाएं झुलस गईं। पुलिस ने आरोपी कोल्हू मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

शाम छह बजे का मामला

थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति की महिला दो बच्चों के साथ लकड़ी बीनने के लिए जंगल गई थी। शाम लगभग छह बजे वह पानी पीने अनंदापुर लक्ष्मीनरायन गांव में दीपक के कोल्हू पर चली गई। आरोप है कि कोल्हू स्वामी ने उसे पकड़ लिया और रेप का प्रयास किया, उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। चीख-पुकार पर जंगल में लकड़ी बीन रहीं परिवार की महिलाएं बचाने पहुंचीं तो आरोपी कोल्हू स्वामी ने उनपर कढ़ाई में भरा तेजाब फेंक दिया। जिसमें पीडि़ता समेत तीन महिलाएं झुलस गई। महिलाओं के साथ आए एक बच्चे को भी पीटकर घायल कर दिया गया। घायल महिलाएं परिवार वालों के साथ थाने में आरोपी दीपक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया।

=============

एक महिला लकड़ी बीनने गई थी। उसने कोल्हू संचालक की झोपड़ी से लकड़ी निकाल ली। इसी पर विवाद हो गया। तेजाब से कोल्हू पर कढ़ाई साफ की जा रही थी। वही तेजाब महिलाओं पर फेंक दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

- श्रीकांत द्विवेदी, इंस्पेक्टर नवाबगंज