-मौसम के गर्म होने पर सक्रिय हो गए डेंगू वायरस

-डॉक्टर्स ने किया आगाह, 600 से अधिक हो गए मरीज

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: डेंगू को लेकर राहत की सांस ले रहे स्वास्थ्य विभाग को फिर से झटका लगा है। मरीजों की संख्या बढ़ी है जिसका सीधा कारण मौसम का गर्म होना है। ऐसे में डॉक्टर्स ने लोगों को होशियार रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जलभराव और गंदगी को घर के आस-पास पनपने से रोकना होगा, तभी खतरनाक बीमारी से छुटकारा मिल सकेगा।

दिवाली बाद बढ़ गई नमी

त्योहार के पहले अचानक मौसम सर्द हुआ था। लेकिन इसके बाद फिर से मौसम में दो से तीन डिग्री का अंतर आया है। इससे नमी बढ़ी है जिसके चलते वायरस अधिक सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में पिछले तीन दिनों में 35 के आसपास नए मरीज दर्ज किए गए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 603 पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इसमें कई मरीज ऐसे हैं जो बाहर से आकर शहर में इलाज करा रहे हैं।

ठंड बढ़ने पर ही मिलेगी राहत

माना जा रहा है कि जब तक तापमान में गिरावट नहीं आएगी तब तक डेंगू से राहत नही मिलेगी। 20 डिग्री से कम तापमान होने पर ही डेंगू के वायरस निष्क्रिय होंगे। तब तक लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बना रहेगा। फिलहाल फॉगिंग और दवाओं का प्रॉपर छिड़काव नहीं होने से इस साल डेंगू पर लगाम नहीं लग सका है। सही मायने में विभाग को अब मौसम का ही सहारा है जिसने दिवाली बाद धोखा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

क्यों फैल रहा है डेंगू

-जल-भराव से निपटने के इंतजाम नही होना।

- फॉगिंग को लेकर कोई विशेष कदम नहीं उठाया जाना।

- डेंगू के लक्षणों की पूरी जानकारी नहीं होना।

-मौसम में लगातार नमी बरकरार रहना।

दिवाली के बाद एक बार फिर मौसम में गर्मी और नमी बढ़ जाने से डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ी है। अगर ठंड बढ़ती तो मरीजों की संख्या कम हो सकती थी। ऐसे में लोगों को अपनी ओर से अधिक जागरुकता बरतनी होगी।

-डॉ। आशु पांडेय, एसीएमओ स्वास्थ्य विभाग