-हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में इलाज के दौरान मरीज की मौत होने पर भड़का गुस्सा

-डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


VARANASI : लक्सा थाना इलाके के हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में एक डॉक्टर की इलाज में की गई लापरवाही यहां एडमिट मरीज की जान पर बन आई। आरोप है कि हार्निया के बजाय आंत का आपरेशन कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार की शाम हुई इस घटना के बाद तो परिजन गुस्से में आ गए और उन्होंने जमकर बवाल काटा। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित परिजनों के समर्थन में आसपास के वाशिंदे भी सड़क पर उतर आए। देखते ही देखते कुछ देर में लक्सा इलाके में वाहनों की कतार लग गई। लक्सा पुलिस आक्रोशित परिजनों को समझाने में असफल रही। मौके पर पहुंची सीओ दशाश्वेमध स्नेहा तिवारी ने आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। पीडि़तों के तहरीर देने के बाद लक्सा पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।


और कर दिया आंत का आपरेशन

आदमपुरा थाना एरिया के कज्जाकपुरा निवासी दिनेश कुमार (65 वर्ष) को हार्निया के इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया था। बेटे विकास का आरोप है कि डॉ। एस पांडेय ने हार्निया के बजाय आंत का ऑपरेशन कर दिया। पिता की हालत खराब हुई तो शिकायत हॉस्पिटल के ट्रस्टी से भी की गई थी। इसी बीच हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन ने सादे कागज पर छोटे भाई से सिग्नेचर भी करा लिया। इलाज के नाम पर काफी पैसे भी ऐंठे गए। पिता ने दम तोड़ दिया, विरोध किया गया तो जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। चक्काजाम से एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। लक्सा थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि पीडि़त बेटे विकास की तहरीर पर जांच पड़ताल की जा रही है।