- स्वच्छता सर्वेक्षण में आगरा का 102वां स्थान

- लखनऊ 115वें पायदान पर

आगरा। वाह ताज के साथ क्लीन सिटी के तमगे ने राहत दी है। ताजनगरी ने केंद्र सरकार की स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 की परीक्षा अव्वल दर्जे में पास की है। आगरा को 64.4 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं और देशभर के स्वच्छ सर्वेक्षण में 102वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं लखनऊ का 115वां स्थान है। शनिवार को इंदौर में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 के कार्यक्रम में 4043 शहरों की स्वछता सर्वेक्षण रैंकिंग लिस्ट जारी की गई।

नगर निगम की स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 पर साख लगी हुई थी। आखिर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत रंग लाई। शहर ने सर्वेक्षण की रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। देशभर के 4043 शहरों में 102वां स्थान प्राप्त किया। कुल 4 हजार अंक में 2578.3 प्राप्त करके 64.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करके अव्वल स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजधानी लखनऊ 115वें पायदान पर रही। लखनऊ को 2500.98 अंक प्राप्त हुए हैं। इस लंबी छलांग से आगरा के विकास को ओर तेज रफ्तार मिलेगी। उम्मीद की जा रही है कि शहर के विकास के लिए 14वें वित्त आयोग से भी अधिक बजट मिल सकता है।

तीन सालों में लगाई छलांग

शहरी विकास मंत्रालय के आदेश पर वर्ष 2016 में पहली बार स्वच्छता सर्वेक्षण हुआ था। उसमे सिर्फ 74 बड़े शहरों को शामिल किया गया था। उसमें आगरा को 45वीं रैंक मिली थी। 2017 में 434 शहरों के बीच हुए सर्वेक्षण में आगरा का स्थान 263वां था। इस वर्ष 4043 शहरों के बीच लंबी छलांग लगाते हुए 102वें पायदान पर पहुंच गए।

कैंटोमेंट बोर्ड में 11वां स्थान

शहर के छावनी परिषद ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में अपना मजबूत स्थान बनाया। देशभर के कुल 61 कैंटोमेंट बोर्ड के बीच स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 की रैंकिंग तैयार की गई। इसमें 11वां स्थान आगरा के कैंटोमेंट बोर्ड है। इसे 2355 अंक मिले हैं। कैंटोमेंट बोर्ड में अव्वल स्थान दिल्ली कैंट को प्राप्त किया है। उसे 3077 अंक मिले हैं।

सौ सिटी में शामिल होने के लिए सिर्फ 8 नंबर से चूके

आगरा सिर्फ 8 नंबर से टॉप 100 सिटी की सूची में शामिल होने से पिछड़ गया। स्वच्छता सर्वेक्षण में जहाँ आगरा को 2578 अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं चेन्नई शहर 2586 अंक लेकर 8 अंक से आगे हो गया है।