- संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत के साथ आठ यात्रियों ने भरी पहली उड़ान

DEHRADUN: देहरादून-पंतनगर-पिथौरागढ़ के लिए थर्सडे से हवाई सेवा शुरू हो गई। हेरिटेज एविएशन कंपनी के नौ सीटर विमान ने देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सुबह 9:30 बजे उड़ान भरी और पंतनगर(ऊधमसिंहनगर) होते हुए 10 बजकर 22 मिनट पर पिथौरागढ़ की नैनी-सैनी हवाई पट्टी पर लैडिंग की। उड़ान को उत्तराखंड के संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत ने हरी झंडी दिखाई।

हवाई सेवा से जुड़ा पिथौरागढ़

पंत के साथ आठ यात्रियों ने विमान से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी। इस हवाई सेवा में देहरादून-नैनीसैनी (पिथौरागढ़) के बीच न्यूनतम किराया 1570 रुपए होगा। वहीं पिथौरागढ़-पंतनगर के बीच न्यूनतम किराया 1410 रुपये निर्धारित किया गया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि इस रूट पर सेवा देने वाली कंपनी हेरिटेज एविएशन से अनुबंध किया गया था। यात्रियों की संख्या के अनुसार विमान का संचालन होगा। गौरतलब है कि उड़ान योजना के कारण अब चीन सीमा से लगा पिथौरागढ़ जिला हवाई सेवा से जुड़ गया है। लंबे समय से लोग यहां हवाई सेवा की प्रतीक्षा कर रहे थे। थर्सडे को लोगों की यह आस पूरी हो गई।

पिथौरागढ़ के लोगों में खुशी का माहौल

PITHORAGARH: 25 वर्षों से व्यावसायिक उड़ान के लिए प्रतीक्षारत नैनी सैनी हवाई पट्टी के लिए थर्सडे का दिन ऐतिहासिक बन गया। उड़ान के नाम पर अब तक बार-बार बदल रही तिथियों को लेकर जनता के मन शंका भी बनी थी। आखिरकार 10 बजकर 22 मिनट पर हेरिटेज एविएशन का विमान हवाई पट्टी पर उतरा और लोगों के चेहरों पर खुशी छा गई। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने विमान से उतरे उत्तराखंड के मंत्री प्रकाश पंत एवं और यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।