25 हजारी शराब माफिया से चरस, शराब, असलहा व कार बरामद

पुलिस पर तीन बार हमला कर चुका है कुख्यात शराब माफिया

शराब माफिया समेत छह लोग गिरफ्तार, एसपी सिटी ने दी जानकारी

MEERUT : 25 हजारी कुख्यात शराब माफिया रमेश प्रधान व उसके साथियों से असलहा-कारतूस समेत भारी मात्रा में शराब व चरस बरामद हुई है। ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर ब्रिजेश शर्मा व उनकी टीम ने देर रात रमेश प्रधान सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में ये जानकारी दी।

 

बन गया था सिदर्द

ब्रह्मपुरी के मंगतपुरम निवासी कुख्यात शराब माफिया रमेश प्रधान पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका था। गत 10 नवंबर को एसपी सिटी रणविजय सिंह ने फोर्स के साथ मंगतपुरम में छापामारी की थी। इस दौरान शराब माफिया रमेश प्रधान ने पुलिस पर फाय¨रग कर दी थी। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि बीते छह माह में रमेश प्रधान व उसके गुर्गे पुलिस व आबकारी पर तीन बार हमला, पथराव व फाय¨रग कर चुके हैं। जिसके बाद क्राइम ब्रांच को शराब माफिया और उसके गैंग की घेराबंदी के लिए लगाया गया था। इसी के तहत रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि रमेश प्रधान अपने साथियों के साथ गाजियाबाद किसी विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर रमेश प्रधान व उसके चारों साथियों को धर दबोचा।

 

कई राज्यों से शराब तस्करी

एसपी सिटी ने बताया कि रमेश प्रधान पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश आदि जिलों से शराब लाकर मेरठ में तस्करी करता था। वह करीब 20 सालों से मेरठ में शराब की तस्करी कर रहा था। रमेश प्रधान मंगतपुरम में ही पैदा हुआ था। होश संभालने पर उसने बड़े लोगों को अवैध शराब के धंधे से मोटी कमाई करते देखा तो खुद का गिरोह बना लिया। रमेश प्रधान शहर में रोजाना 400 से 500 पेटी शराब सप्लाई करता था। इसके लिए मुकुट महल के पीछे झुग्गियों को उसने अपना ठिकाना बनाया था। धीरे-धीरे प्रधान ने वहां शराब के अलावा अन्य नशीले पदार्थो की तस्करी भी शुरू कर दी थी।

 

भारी मात्रा में चरस

एसपी सिटी ने बताया कि रविवार रात दबोचे गए शराब माफिया व उसके साथियों के पास से करीब दो किलो चरस, एक तमंचा, दो कारतूस, 10 पेटी हरियाणा मार्का शराब व एक स्कॉर्पियो कार बरामद हुई है।

 

यह हुए गिरफ्तार

1. रमेश प्रधान पुत्र स्वर्गीय बन्नी सिंह निवासी मंगतपुरम

 

2. राजकुमार उर्फ राजू पेपला पुत्र देवीदास निवासी पेपला थाना जानी

 

3. नीरज पुत्र स्वर्गीय राजा राम निवासी ईश्वरपुरी थाना ब्रह्मपुरी

 

4. चमन पुत्र सुबेदार निवासी मंगतपुरम थाना ब्रहमपुरी

 

5. नसीम पुत्र मोहरवाज निवासी मंगतपुरम

 

6. सिलोचंद पुत्र स्वर्गीय नन्हें निवासी मंगतपुरम