देहरादून। भाजपा के त्रिशक्ति सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के त्रिदेवों में जान फूंकी, उनसे आगामी लोक सभा इलेक्शन को लेकर कमर कसने का आह्वान किया और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के टिप्स कार्यकर्ताओं को दिए।

चाय वाला पीएम, बूथ अध्यक्ष-राष्ट्रीय अध्यक्ष

अमित शाह ने त्रिशक्ति सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलित कर आगाज करते हुए कहा कि मैं बूथ का अध्यक्ष हुआ करता था और आज भाजपा ने उसी बूथ अध्यक्ष को राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का सम्मान दिया है। कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है जहां एक चाय वाला पीएम के अहम पद तक पहुंच सकता है। आज ज्यादातर पार्टियों में परिवारवाद चल रहा है। उन्होंने पार्टी के त्रिदेवों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में बूथ लेवल कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत हैं और वे अपनी यही ताकत आगामी लोकसभा चुनावों के लिए झोंक दें। 70 साल से केस चल रहा है पता नहीं क्यों सुनवाई नहीं होती। कहा कि पूर्व पीएम स्व। अटल जी के अथक प्रयासों से उत्तराखंड राज्य बना और उसी राज्य को मोदी सरकार संवार रही है। ऐसे में हमारा हक बनता है कि हम प्रदेश की सभी 5 सीटों पर लोकसभा चुनाव में विजयी हों, हमारे त्रिदेव इसके लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं।

फास्ट ट्रैक पर डबल इंजन की सरकार

शाह ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार फास्ट ट्रैक पर है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के तालमेल से राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कहा कि केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण में खुद पीएम नरेंद्र मोदी दिलचस्पी ले रहे हैं, एक वर्ष बाद केदारनाथ का बदला हुआ स्वरूप तीर्थयात्रियों को देखने को मिलेगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने ऑल वेदर रोड का तोहफा स्टेट को दिया है।

विपक्षियों के चेहरे का नूर उड़ा

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि किसानों के नाम पर वोट बटोरने वाले लोगों के चेहरे का नूर गायब ही हो गया है, जब मोदी सरकार ने किसानो को 6 हजार रुपए की सालाना सौगात देने का ऐलान किया। अब दो हेक्टेयर तक की भूमि जोतने वाले किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। 12 करोड़ किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

वीरों की भूमि है उत्तराखंड

अमित शाह ने कहा कि आज पूरा देश उत्तराख्ाड के सैनिकों के दम पर सुरक्षित महसूस करता है। इसीलिए पीएम मोदी ने रक्षा बजट को 3 लाख करोड़ रुपए के पार कर दिया है। आजादी के बाद सबसे बड़ा रक्षा बजट देने का काम वित्त मंत्री ने किया है। भाजपा का वन रैंक, वन पेंशन सैनिकों के लिए है, जबकि कांग्रेस का वन रैंक, वन कमिशन का फायदा राहुल और प्रियंका के लिए है। कांग्रेस पार्टी के नेता कोर्ट में कहते हैं कि 2019 तक राम मंदिर नहीं बनेगा, लेकिन मैं कहता हूं कि राम मंदिर वहीं बनेगा।

ये हैं भाजपा के त्रिदेव

लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें तीन स्तर के कार्यकर्ता अहम हैं। ये कार्यकर्ता बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक और बीएलओ-टू हैं, इन्हीं के ऊपर जनता के बीच सरकार की छवि बनाने की जिम्मेदारी है ताकि लोकसभा की सभी सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहे। इन्हीं कार्यकर्ताओं को पार्टी ने त्रिदेव और त्रिशक्ति की संज्ञा दी है।

ये नेता रहे मंच पर मौजूद

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ मंच शेयर करने वालों में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू,लोकसभा चुनाव प्रभारी थावर चंद गहलोत, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, हरिद्वार संासद रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और तीरथ सिंह तीरथ सिंह रावत मौजूद रहे।

18 किमी बर्फ पर पैदल चला कार्यकर्ता

त्रिशक्ति सम्मेलन में भाजपा का एक कार्यकर्ता ऐसा भी था, जिसने सम्मेलन में शामिल होने के लिए 18 किलोमीटर बर्फ में पैदल चलकर फिर वाहन के जरिए दून तक का सफर किया। ये कार्यकर्ता उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के अमर सिंह रावत थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अमर सिंह का मंच से स्वागत किया और सराहना की।