- धरना देकर लौट रही कुछ कार्यकत्रियां एक्सीडेंट में हो गई घायल, जाम कर दिया एनएच

GORAKHPUR: जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर धरना था। धरना देकर लौट रही कुछ कार्यकत्रियों को फोरलेन पर एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे चार महिलाएं घायल हो गई। थोड़ी ही देर में इसके विरोध में कार्यकत्रियों ने एनएच जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक एनएच जाम रहा और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें मनाकर जाम खत्म कराया।

रोड पर बैठ गई कार्यकत्रियां

धरना देकर लौट रही कार्यकत्रियां मीरा सिंह पत्‍‌नी हरिनरायन सिंह ,चंद्रावती यादव पत्‍‌नी बाबूलाल, कृष्ण पत्‍‌नी इंद्रासन सिंह, कौशिल्या पत्‍‌नी दीनानाथ एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गई। इन्हें जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया। विरोध में अन्य कार्यकत्रियों ने एनएच जाम कर दिया। वे रोड पर ही 4 बजे धरने पर बैठ गई।

पुलिस के छूटे पसीने

कुछ ही देर में कार्यकत्रियों के परिजन भी पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों ने रोड जाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम को खत्म करने के लिए पुलिस कार्यकत्रियों से गिड़गिड़ाती रही लेकिन वे अपनी जिद पर अड़ी थीं। किसी तरह उन्हें मनाकर पुलिस ने शाम 5 बजे तक जाम खत्म कराया तब जाकर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।