रांची: बेड़ो थाना क्षेत्र के महरू में देर रात घर में घुसकर युवती सीता धान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। मामले में लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बोधाटोली निवासी ब्रजेश मुंडा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। रूरल एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि ब्रजेश ने अपनी प्रेमिका को दूसरे से संबंध रखने की वजह से मार डाला है। ब्रजेश का युवती के साथ लगभग डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर, हाल में किसी दूसरे लड़के से बातचीत करना शुरू कर दी थी। यह बात उसे नागवार गुजरी तो युवती की गला रेतकर हत्या कर दी।

खून लगा चाकू बरामद

वहीं, गिरफ्तार ब्रजेश की निशानदेही पर मर्डर में इस्तेमाल खून लगा चाकू, खून लगा जींस शर्ट और बाइक भी बरामद किया गया है। छापेमारी टीम में बेड़ो डीएसपी संजय कुमार, बेड़ो थाना प्रभारी श्याम बिहारी मांझी, आकाश दीप, मंजीव पांडेय, धमर्ेंद्र कुमार सिंह, रजनीकांत मिश्रा, संतोष लकड़ा सहित अन्य शामिल थे।

महरू में रहती है ब्रजेश की मौसी

महरू गांव में ब्रजेश की मौसी रहती है। इसी वजह से वह आना-जाना करता है। घटना की रात सीता धान ने ब्रजेश को बुलाया था। इसी दौरान फोन पर अन्य लड़कों से बात करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि ब्रजेश ने चाकू निकाला और गला रेत डाली।