एआरटीओ रविकांत शुक्ला की अगुवाई में जिला व पुलिस प्रशासन की टीम ने दो घंटे चलाया अभियान

ALLAHABAD: बालू और गिट्टी लदी ओवरलोडिंग ट्रकों पर शिकंजा कसने का अभियान फिर तेज किया जा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन रविकांत शुक्ला की अगुवाई में जिला व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को एक बार फिर यमुनापार एरिया में अभियान चलाया। बारा थाने से सौ मीटर पहले टीम ने धरपकड़ शुरू की तो आसपास ट्रक और ट्रैक्टर चलाने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने बालू लदे तीन ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ने में सफलता हासिल की।

लेप्रोसी मिशन पर काटा चालान

बारा थाने से पहले नैनी स्थित लेप्रोसी मिशन चौराहे के पास अधिकारियों ने अभियान चलाया था। अभियान शुरू हुआ तो ट्रकों की लम्बी कतार लग गई। कार्रवाई के दौरान सात ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक पकड़े गए। तीन ट्रक के ड्राइवर भाग गए। सातों का मौके पर ही चालान काटकर चार लाख रुपया वसूला गया।

यमुना पार के एरिया में सबसे ज्यादा ओवरलोडिंग की शिकायतें मिलती हैं। अब नए सिरे से ऐसे वाहनों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रवर्तन टीम में शामिल सदस्यों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

रविकांत शुक्ला, एआरटीओ प्रवर्तन