- शनिवार को संगम में प्रवाहित की जाएंगी पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियां

ALLAHABAD: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के शुक्रवार को जन समूह उमड़ पड़ा। लखनऊ से इलाहाबाद देर शाम पहुंची अस्थि कलश यात्रा पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। लोगों ने यात्रा का भव्य स्वागत कर अटलजी की याद में जमकर नारे भी लगाए। वहीं सर्किट हाउस में देर रात तक पुष्प अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। शनिवार की सुबह सर्किट हाउस में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा होगी।

राजनीति के युग पुरुष थे अटल

प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ। महेंद्र सिंह, भाजपा के संगठन प्रदेश मंत्री अमर पाल मौर्य, कौशांबी सांसद विनोद सोनकर कलश यात्रा लेकर आए। लालगोपालगंज पर पहले से मौजूद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में अस्थि कलश पर जमकर पुष्पो की वर्षा की गई। इसके अलावा नवाबगंज, मूरतगंज होते हुए पुरामुफ्ती पहुंचे अस्थि कलश का महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता व मेयर अभिलाषा गुप्ता ने यात्रा पर फूल बरसाए। सर्किट हाउस पहुंची यात्रा का नमन करने वालों का हुजूम यहां पहले से मौजूद था। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अटल भारतीय राजनीति के युग पुरुष थे। राष्ट्रसेवा के लिए उन्होंने सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ। रीता बहुगुणा जोशी, विधायक विक्रमाजीत मौर्य, संजय गुप्त, डॉ। अजय भारती, डॉ। आरके वर्मा, हर्षवर्धन बाजपेई, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ल, पूर्व मंत्री डॉ। नरेंद्र सिंह गौर, डॉ। एलएस ओझा, अशोक धवन आदि मौजूद रहे। शनिवार को अस्थियों को संगम में प्रवाहित किया जाएगा।

अटल अस्थि कलश यात्रा रूट

अटल बिहारी बाजपेई की अस्थि कलश यात्रा शनिवार को सर्किट हाउस से विभिन्न मार्गो से होते हुए संगम जाएगी। अस्थि कलश यात्रा इंदिरा गांधी चौराहा, थार्नहिल रोड, लोक सेवा आयोग चौराहा, हिंदू छात्रावास, आजाद पार्क, दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा स्थल, गीता निकेतन, फोर्ट रोड चौराहा आदि स्थानों से होकर गुजरेगी।