- बोले रुपाणी- गुजरात में नहीं होने देंगे माहौल खराब, विधायक जिम्मेदार

- सीएम योगी को दिया पटेल प्रतिमा के अनावरण में आने का निमंत्रण

LUCKNOW :

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उत्तर भारतीयों पर हो रहे हमलों को कांग्रेस की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर ने देश की एकता को खंडित करने के लिए यह कुचक्र रचा था। गुजरात सरकार ने उनकी साजिश को बेनकाब किया है। दावा किया कि हम गुजरात का माहौल खराब नहीं होने देंगे। उत्तर भारतीयों पर हमले के सूत्रधार अल्पेश ठाकोर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए सरकार विधिक राय जुटा रही है। गुजरात में उत्तर भारतीय पूरी तरह सुरक्षित हैं और राज्य सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा देने को प्रतिबद्ध है। वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एकता संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

राहुल गांधी से मांगा जवाब

रूपाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगा है कि गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हुए हमलों को लेकर उनका रुख क्या है। क्या वे केवल ट्वीट करके इस मामले को छोड़ देना चाहते हैं या फिर हिंसा फैलाने वाले अपने विधायक और कार्यकर्ताओं पर कोई सख्त कार्रवाई भी करेंगे। उन्होंने आश्वासन किया कि गुजरात में रहने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। गुजरात में हर प्रांत के लोग साथ रहते हैं। आपसी सौहार्द के साथ गुजरात के विकास में भी उनका अहम योगदान है। वहीं उत्तर भारतीयों पर हुए हमले के बाद पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई के बारे में भी रूपाणी ने बताया कि गुजरात पुलिस ने 700 से अधिक अराजक तत्वों को गिरफ्तार किया है। जिनमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले 60 लोगों को भी पकड़ा जा चुका है।

सीएम को दिया निमंत्रण

वहीं दूसरी ओर रूपाणी ने सीएम योगी को आगामी 31 अक्टूबर को गुजरात में पटेल की प्रतिमा के अनावरण समारोह का निमंत्रण भी दिया। ध्यान रहे कि इसका अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने पटेल प्रतिमा के निकट कांप्लेक्स में यूपी सरकार का गेस्ट हाउस खोलने के लिए भूमि देने के निर्णय का स्वागत किया और उन्हें धन्यवाद दिया। योगी ने कहा कि यूपी के सैलानियों के लिए स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के पास पर्यटक भवन बनाने का प्रस्ताव यूपी सरकार ने गुजरात सरकार को दिया था। भवन के निर्माण से यूपी से गुजरात जाने वाले सैलानियों को रहने की उचित व्यवस्था हो सकेगी।