माउंट एवरेस्ट पर फतह प्राप्त की

काठमांडू (एजेंसियां)। ऑस्ट्रेलियाई पर्वतारोही स्टीव प्लेन (36) ने सोमवार को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह प्राप्त करते ही नया कीर्तिमान बनाया। प्लेन ने सबसे कम समय में सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्हें अपना यह अभियान पूरा करने में 117 दिन लगे। बता दें कि प्लेन ने अपना यह रिकॉर्ड 8,850 मीटर (29,035 फीट) ऊँचाई पर चढ़कर बनाया। इससे पहले पोलैंड के जानुस्ज कोचांस्की ने 126 दिनों में सातों चोटियों पर चढ़ने का रिकॉर्ड बनाया था।  

पर्थ के रहने वाले प्लेन

हिमालयन गाइड्स नेपाल के ईश्वरी पौडेल ने प्लेन के इस रिकॉर्ड की जानकारी दी। पौडेल ने यहां कहा, एवरेस्ट बेस कैंप से आए फोन में बताया गया कि प्लेन अपने दो गाइड के साथ सुबह सात बजे के करीब एवरेस्ट पर पहुंचने में कामयाब रहे। अब वह अपनी टीम के साथ नीचे उतर रहे हैं। पर्थ के रहने वाले प्लेन ने 16 जनवरी को अंटार्कटिका के माउंट विंसन की चढ़ाई से अपना अभियान शुरू किया था।

आईं थीं चोटें

इसके बाद उन्होंने दक्षिणी अमेरिका के माउंट अकांकागुआ, अफ्रीका के माउंट किलीमंजारो, ऑस्ट्रेलिया के माउंट कार्सटेन्स्ज पिरामिड, यूरोप के माउंट एल्ब्रस और उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली की चढ़ाई की। उल्लेखनीय है कि 2014 में एक दुर्घटना में प्लेन को कई गंभीर चोटें आई थीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और ठीक होने के बाद अपने साहस और आत्मविश्वास से यह कठिन लक्ष्य प्राप्त किया। बता दें कि 1953 को पहली बार माउंट एवरेस्ट पर न्यूजीलैंड के एडमंड हिलेरी और नेपाली मूल के भारतीय नागरिक तेनसिंह नोर्गे शेरपा चढ़े थे। उसके बाद से अब तक कई पर्वतारोही अनेकों बार एवरेस्ट पर चढ़ चुके हैं। इसके अलावा नेपाल के अप्पा शेरपा ने भी 21 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का रिकॉर्ड कायम किया है।

International News inextlive from World News Desk