सुबूत एकत्र करने में जुटी कातिल तक पहुंच चुकी नैनी पुलिस

ALLAHABAD: यमुनापार के सब्जी मंडी मोहल्ले में हुए महिला के कत्ल की उलझी हुई गुत्थी सुलझने वाली है। जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो एक दो दिन में पुलिस केस का खुलासा भी कर सकती है।

पुलिस को मिले अहम सुराग

घटना 11 सितंबर की है। ठेकेदारी करने वाला राजेश श्रीवास्तव पत्‍‌नी बबिता व बेटी बिट्टू के साथ रहता है। उसकी बेटी बेथनी कान्वेंट स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। राजेश के काम पर निकले के बाद सुबह उसकी बेटी भी स्कूल चली गई। घर पर उसकी पत्‍‌नी बबिता अकेली थी। बताते हैं कि शाम को जब वह घर लौटा तो पत्‍‌नी की लाश पड़ी थी। पुलिस को मृतका के चेहरे पर नाखून के निशान व गले पर रस्सी के दाग मिले थे। पुलिस का मानना था कि उसके किसी परिचित व खास ने ही घटना को अंजाम दिया है। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि महिला और कातिल के बीच घटना के वक्त जबरदस्त संघर्ष हुआ था। वारदात से पहले बबिता ने पड़ोस की अंजली से हाथ में मेहंदी लगवाने की बात कही थी। अंजली ने यह बात खुद पुलिस को बताई है। कातिल के गिरेबान तक पहुंचने वाले क्लू पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस इस क्लू के आधार पर साक्ष्य जुटाने में लग गई है।

घटना को शातिर अंदाज में अंजाम दिया गया है। अब तक की जांच में मिले क्लू से कातिल का चेहरा साफ हो चुका है। एक दो दिन में कातिब जेल के अंदर होगा।

प्रदीप कुमार मिश्र,

प्रभारी निरीक्षक नैनी