- हरिद्वार में सुबह से ही गंगा घाटों पर लगी रही भक्तों की भीड़, ऋषिकेश, देवप्रयाग और श्रीनगर में भी हुआ स्नान

- स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने किए थे पुख्ता इंतजाम

HARIDWAR: मौनी अमावस्या के पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने हरिद्वार में हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। ब्रह्म मुहुर्त से ही लोग घाटों पर उमड़ने लगे थे। स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। इसके अलावा ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर और उत्तरकाशी समेत कई स्थानों पर भक्तों ने नदियों में स्नान कर दान किया।

सर्दी पर भारी पड़ी आस्था

घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी पर आस्था का सैलाब भारी पड़ा। मौनी अमावस्या के स्नान के लिए हरिद्वार में रविवार से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा था। ब्रह्म मुहुर्त से ही हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय द्वीप समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे। शाम तक स्नान का क्रम जारी रहा। प्रशासन के मुताबिक शाम चार बजे तक नौ लाख से ज्यादा श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विभिन्न संस्कार भी कराए। पुलिस अधीक्षक (नगर) कमलेश उपाध्याय ने बताया कि स्नान पर्व को देखते हुए मेला क्षेत्र को 14 जोन और 38 सेक्टर में बांटा गया था।