- सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण

- जेसीआई मिड टाउन की ओर से लगाया गया है नेशनल फ्लैग

आन बान शान का प्रतीक
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: गोरखपुर के इतिहास में मंगलवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज हुआ। पूर्वाचल का सबसे ऊंचा तिरंगा गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कैंपस में फहराया गया। 100 फीट के इस झंडे का लोकार्पण और आरोहण सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि तिरंगा भारत के आन बान शान का प्रतीक है और इसकी स्थापना के लिए यूनिवर्सिटी और जेसीआई मिड टाउन, नाइन मोमेंट फाउंडेशन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जनपद एक नई दिशा की ओर अग्रसर है, यहां एम्स की स्थापना, फर्टिलाइजर, रामगढ़ताल का सौदंर्यीकरण, मेट्रो से जुड़ने के साथ यूनिवर्सिटी में 100 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना की गई है, यह एक नई कड़ी का हिस्सा है।

सर्वोत्तम प्रदेश के लिए चाहिए सहयोग
शिक्षा गुणवत्तायुक्त, सदाचार के साथ संस्कारों से जुड़े महत्वपूर्ण है और राष्ट्रीयता से जुड़े यह अति महत्वपूर्ण है। यूपी भारत का सबसे बड़ा प्रदेश है। यह प्रकृति व परमात्मा की असीम कृपा वाला प्रदेश है। इस प्रदेश में भगवान बुद्ध, संतकबीर का जन्म और परिनिर्वाण हुआ। यह प्रदेश क्रांतिकारियों की भूमि है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में जन सहयोग आवश्यक है। शासन की योजनाओं के शत प्रतिशत क्रियान्वयन में जन सहभागिता परम आवश्यक है। शहर को सुंदर, स्वच्छ बनाने में सभी को सहयोग करना होगा। देश/प्रदेश ओडीएफ घोषित होगा। उन्होंने इस अभियान में सभी जनपदवासियों को जुड़कर इसे सफल बनाने का आव्हान किया।

192 देशों में मनेगा योग दिवस
स्वच्छता स्वास्थ्य एंव समृद्धि का कारण होता है। समस्त जन इसका हिस्सा बनें। गोरखपुर स्वच्छ सुन्दर जनपद/महानगर के रूप में पहचाना जाए। सीएम ने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस दुनिया के 192 देशों में मनाया जाएगा। योग से व्यक्ति निरोग एंव स्वस्थ्य रहता है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसका हिस्सा बनना चाहिए। इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन वीसी प्रो। विजय कृष्ण सिंह ने किया और संचालन प्रो। रविशंकर सिंह ने किया। इस मौके पर विधायक गण, महापौर, जिलाध्यक्ष सहित अन्य जन प्रतिनिधि गण, जेसी विनीत पोद्दार, कृष्ण कुमार तुलस्यान के साथ बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।

जेसीज ने किया स्वागत
जेसीआई अध्यक्ष जेसी विनीत पोद्दार नाइन मोमेंट फाउंडेशन के कृष्ण कुमार तुलस्यान मौजूद रहे। पीआरओ नवीन पालड़ीवाल ने बताया कि जेसी रेट विंग चेयर पर्सन अनुराधा जैन, सचिव मनीष भगत, सुप्रिया पोद्दार व नेहा जैन ने तिलक लगाकर और बुके देकर सीएम का वेलकम किया। मंच पर सीएम का स्वागत अमर तुलस्यान, रवि अग्रवाल, महेश पोद्दार और संतोष अग्रवाल ने माल्यार्पण कर किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जेसी पीयूष जैन, नितेश पोद्दार, पुनीत अग्रवाल, गौरव जिंदल, विवेक अग्रवाल, विभोर पोद्दार, हिमांशु अग्रवाल, खुशाल खट्टर, मोहित अग्रवाल आदि का खास सहयोग रहा। इस मौके पर बड़ी तादाद में ग्रुप मेंबर्स मौजूद रहे।