गंभीर हालत में फाफामऊ स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती

ALLAHABAD: सोरांव थाना के फाफामऊ पुलिस चौकी एरिया स्थित मलाकहरहर रामलीला मैदान के पास शिक्षक धीरेंद्र गुप्ता (38) को गोली मार दी गई। एक के बाद एक उन पर बाइक सवारों ने दो गोलियां दागी। एक गोली उनकी गर्दन में जा धंसी। रविवार रात करीब आठ बजे गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों को आते देख हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल शिक्षक को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत देर रात तक गंभीर बनी रही। हमले की वजह पैसों का विवाद बताया जा रहा है।

एक गोली से बचे तो दूसरी लगी

थाना क्षेत्र के महरुडीह गांव निवासी बजरंगी साहू के पुत्र धीरेंद्र साहू पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेजा में टीचर हैं। पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब आठ बजे वे शहर से घर जा रहे थे। मलाकहरहर रामलीला मैदान के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ओवरटेक कर रोक ली। वह कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने उन पर तमंचे से एक के बाद एक गोलियां दागनी शुरू कर दी। हमलावरों का एक निशाना चूक गया। तमंचे से निकली दूसरी गोली धीरेंद्र के गले में जा धंसी। गोली लगते ही वह गिर पड़े। उधर फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों को आते देख हमलावर सोरांव की ओर फरार हो गए। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे सीओ सोरांव ने लोगों की मदद से घायल को फाफामऊ स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां देर रात शिक्षक की हालत गंभीर बताई गई। पुलिस हमले की वजह पैसों का विवाद बता रही है। खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।