160 पर भाजपा और 30 पर लोजपा के लड़ने की उम्मीद

एनडीए की सहयोगी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी को अधिकृत किया था। अब लग रहा है कि उनके बीच सहमति बन रही है। सूत्रों से पता चला है कि जहां भाजपा बिहार में 160 से 165 सीट्स पर चुनाव लड़ने के बारे में सोच रही है वहीं लोजपा को भी 30 से 35 सीट्स पर मौका दिया जाएगा।  

अंतिम घोषणा अमित शाह करेंगे

हालाकि भाजपा के राज्य के चुनाव प्रभारी और केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार ने इस मुद्दे पर विचार के लिए गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेन्द्रु कुशवाहा और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी से अलग-अलग बातचीत की है। जिसके बाद उन्होंने बताया कि सीट बंटवारे के बारे में अंतिम फैसला लेने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को अधिकृत करते हुए पत्र लिख दिया गया है और कहा है कि अब सभी उनके निर्णय की प्रतीक्षा में हैं वही अंतिम और सर्वमान्य निर्णय होगा। इससे पहले राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी ने एक पत्र लिख कर अमित शाह से कहा कि जो भी तय करना है भारतीय जनता पार्टी तय करे वे उसके निर्णय से सहमत होंगे।

मांझी ने भी नैया का खेवैया भाजपा को ही माना

जीतन राम मांझी ने भी यही कहा है कि वे सीटों के बटवारे पर भारतीय जनता पार्टी के फैसले को स्वीकार करेंगे क्योंकि उनको और उनके साथियों को प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर पूरा भरोसा है। जो बिहार के हित में होगा एनडीए के हित में होगा वे वही करेंगे। इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार चुनाव में सभी दो सौ 43 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उधर, भारतीय कम्युनिस्ट  पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेलिनवादी सहित छह वामपंथी दल भी जल्दी ही सीटों के बंटवारे की घोषणा करेंगे।

Hindi News from India News Desk

National News inextlive from India News Desk