RANCHI: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दो दिवसीय दौरे के बाद प्रदेश भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं। उन्होंने कहा की जहां नड्डा ने ग्रामीण क्षेत्र के बूथों में जाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को भाजपा से जोड़ने का कार्य किया वहीं, उन्होंने बुद्धिजीवियों के सम्मेलन को भी संबोधित करके बदलते भारत की तस्वीर पेश की। प्रतुल ने कहा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के दौरे के बाद भाजपा के कार्यकर्ता 65 प्लस के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए और उत्साह से जुट गए हैं। सदस्यता अभियान की गति बढ़ेगी और भाजपा 25 लाख नए सदस्यों को जोड़ने के अपने लक्ष्य को जरूर पूरा करेगी।

विपक्ष के लिए 200 सीटें भी कम

प्रतुल ने कहा कि विपक्ष में सीटों के बंटवारे को लेकर हाहाकार मचा है। झारखंड में विपक्षी गठबंधन के घटक दलों ने जितनी सीटों पर दावा किया है उसके अनुसार 200 सीट भी कम पड़ेंगी। झारखंड विकास मोर्चा सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को 41 से कम सीटें मंजूर नहीं। कांग्रेस को 40 सीटें चाहिए। राजद को 20 सीटें चाहिए। कम्युनिस्टों ने भी एक दर्जन सीटों पर दावा ठोक रखा है। प्रतुल ने कहा पिछले लोकसभा चुनाव में गठबंधन की कलई खुल गई थी और एक साथ लड़ने के बावजूद स्वार्थ पर बने गठबंधन को जनता ने धाराशायी कर दिया था। विधानसभा चुनाव में विपक्ष एक होकर लड़े या ना लड़े, भाजपा को कोई खास फर्क नहीं पड़ता। भाजपा 65 प्लस सीटों के लक्ष्य को सहयोगी दलों के साथ मिल कर जरूर हासिल करेगी।