शाहगंज के इलेक्ट्रानिक मार्केट में छोटे भाई ने वारदात को दिया अंजाम

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को छानबीन में मिली पिस्टल

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शाहगंज थाना क्षेत्र के इलेक्ट्रानिक मार्केट में विनित चौरसिया नामक व्यापारी की उसके ही छोटे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर जुटे लोगों ने विनीत को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। मौका-ए-वारदात की छानबीन में कमरे में भाई की ओर से फेंकी गई पिस्टल मिली। पुलिस ने मौसेरे भाई की तहरीर पर आरोपित विशाल जायसवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

घर में ही मारी गयी गोली

शाहगंज थाना क्षेत्र के इलेक्ट्रानिक मार्केट में रहने वाले स्व। अशोक कुमार के दो बेटों में नितिन बड़ा था और विशाल छोटा है। रविवार सुबह करीब नौ बजे अचानक घर में गोली चलने की आवाज आयी, तो परिवार के लोग दौड़ कर कमरे की तरफ गए। नितिन की पत्‍‌नी ने देखा की विशाल ने उसके पति को गोली मार दी है। यह देख वह काफी तेज आवाज में चीख पड़ी। जब परिवार वाले कुछ समझते विशाल भाग निकला।

कुछ स्पष्ट नहीं बता सके

सूचना पर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव थाने की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन में पुलिस को हत्या में इस्तेमाल असलहा मौके से बरामद हुआ। पुलिस ने असलहे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस को घर के लोग हत्या के कारण के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सके। बताया जाता है कि विशाल ने नितिन को दो गोली मारी थी। मृतक की दो बेटियां हैं।

दोनों साथ करते थे व्यापार

अशोक कुमार जायसवाल की मौत काफी पहले हो चुकी है। पिता की मौत के बाद नितिन व विशाल ने मिलकर इलेक्ट्रानिक मार्केट में बिजली की दुकान खोली। दोनों भाई मिलकर व्यापार करते थे। दोनों में अक्सर किसी न किसी बात पर विवाद होता था। पुलिस हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है। विशाल की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से विशाल ने अपना मोबाइल बंद कर दिया है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है।

छोटे भाई ने गोली मारकर बड़े भाई की हत्या की है। मौके से हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद कर लिया गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर विशाल की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बृजेश श्रीवास्तव, एसपी सिटी