allahabad@inext.co.in
ALLAHABAD: थरवई एरिया के बहमलपुर गांव में चंद रुपयों की जींस के लिए बड़ा भाई राजेंद्र कुमार जल्लाद बन गया। जींस को लेकर हुए विवाद में उसने चाकू से गोद कर छोटे भाई सुरेंद्र कुमार की हत्या कर दी। गुरूवार को हुई दिल दहलाने वाली इस घटना से ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। खून से लथपथ सुरेंद्र को परिजन अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके की नजाकत को देखते हुए आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम
बहमलपुर गांव निवासी फूलचन्द्र भारतीया का छोटा बेटा सुरेन्द्र कुमार (25) मजदूरी करता था। जबकि सुरेंद्र का बड़ा भाई राजेन्द्र इधर उधर घूमता है। बताते हैं कि दो दिन पूर्व सुरेन्द्र ने अपने लिए एक नई जींस पैंट खरीदी थी। उसकी जींस देख कर राजेंद्र भी जींस की मांग करने लगा। गुरुवार की सुबह जींस पैंट को लेकर दोनों भाईयों में विवाद शुरू हो गया। जींस के लिए बेटों झगड़ने देख फूलचन्द्र ने बीचबचाव कर शांत करा दिया। थोड़ी देर बाद दोनों फिर इसी मुद्दे पर झगड़ा करने लगे। इस बीच अचानक राजेन्द्र ने चाकू से छोटे भाई सुरेन्द्र पर हमला कर दिया। चाकू से किए गए प्रहार से सुरेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो कर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख चीखते हुए परिजन दौड़ पड़े। परिवार व पड़ोसियों में अफरातफरी मच गई। मौके का फायदा उठाते हुए राजेन्द्र फरार हो गया। फूलचंद्र लोगों की मदद से तड़प रहे बेटे सुरेंद्र को अस्पताल ले गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुरेंद्र के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी गांव वालों को हुई तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। मालूम चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता फूलचंद्र की तहरीर पर आरोपी राजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया है।