JAMSHEDPUR: बर्मामाइंस में पतंग लूटने से शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दो गुट आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके। इसमें दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बर्मामाइंस के कैरिज कॉलोनी के चूना भट्टा में दो गुटों के लोग आपस में भिड़ गये। इसके बाद एक गुट के लोग दूसरे गुट के लोगों के घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं पास स्थित धार्मिक स्थल पर भी पत्थरबाजी कर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक गुट को सदर अस्पताल तो दूसरे को एमजीएम में भर्ती कराया। घटना के बाद से इलाके में क्यूआरटी टीम ने मार्च कर स्थित को काबू किया। एक गुट द्वारा पत्थरबाजी और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने से गुस्साए दूसरे गुट के लोगों ने बर्मामाइंस थाने को घेरकर लोगों की सुरक्षा की मांग की। लोगों ने मारपीट करनेवाले लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। सूचना पर पहुंचे डीएसपी अनुदीप सिंह ने क्यूआरटी फोर्स के साथ ने फ्लैग मार्च किया। कुछ समय बाद बस्ती का माहौल शांत हो गया। किसी भी स्थिति से निपटने को बर्मामाइंस थाना में क्यूआरटी फोर्स को रिजर्व रखा गया है। बस्ती में बीते छह माह में चार बार विवाद हो चुका है।

पतंग लूटने को लेकर हुआ विवाद

रविवार को हुए झड़प मामले में एक पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शनिवार को बस्ती में बच्चों के बीच पतंग लूटने को विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों बच्चों के बीच मारपीट हुई थी। बच्चों के बीच मारपीट होने से दोनों परिवार के बड़े भी आमने-सामने आ गए थे। मामला थाना तक पहुंचा था। पुलिस ने बच्चों का मामला कहकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। मामला था कि शुक्रवार को एक बच्चे की पतंग दूसरे ने लूटकर फाड़ दी थी। इसके बाद परिवार और गुट के लोग एक-एक पक्ष में आ गए थे। पुलिस ने मामले को छोटा समझकर दोनों पक्षों को शांत कर दिया था। रविवार सुबह कुछ युवकों ने महिला से मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। शोर-गुल पर बस्ती के लोग एकजुट हो गए जिससे मामला बढ़ गया इसके बाद दोनों बस्ती के लोग आमने-सामने हो गए।

अक्सर हो रहे हैं विवाद

पिछले साल 27 सितंबर को बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी स्थित जयप्रकाश कुष्ठ आश्रम और मुस्लिम बस्ती के दो पक्ष के बीच अड्डाबाजी को लेकर मारपीट और पथराव की घटना हुई थी। पुलिस की मुस्तैदी के कारण समय रहते हालात पर काबू पा लिया गया था। नौ जुलाई को बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती में दीवार बनाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। बर्मामाइंस में अप्रैल में भी मारपीट की घटना हुई थी।