नगर निगम कर्मचारी बन घर में घुसे फिर बताया क्राइम ब्रांच से हैं

गाड़ी में घुमा कर की दो लाख की डिमांड दो घंटे बाद कैलाश के पास यमुना किनारे छोड़ गए

आगरा। थाना सिकंदरा स्थित आवास विकास कॉलोनी में गुरुवार को स्कॉर्पियो सवारों ने रोडवेज परिचालक को दिनदहाड़े घर से किडनैप कर सनसनी फैला दी। खुद को वे लोग दिल्ली क्राइम ब्रांच से बता रहे थे। मगर, उनका तरीका बदमाशों वाला था। दो घंटे में मथुरा के बल्देव तक गाड़ी में घुमाकर धमकाते हुए दो लाख की डिमांड की। बाद में कैलाश के पास यमुना किनारे छोड़ गए। वे क्राइम ब्रांच के थे या बदमाश? अभी साफ नहीं हो सका है।

स्कॉर्पियो से आए थे पांच युवक

आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-14 निवासी राजपाल सिंह ईदगाह डिपो में परिचालक है। राजपाल ने बताया कि गुरुवार को दोपहर दो बजे वे ड्यूटी से घर पहुंचे थे। खाना खा रहे थे। उसी दौरान दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक उनके घर पहुंचे। खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुसे और फिर दिल्ली क्राइम ब्रांच का बताकर गाड़ी में डालकर ले गए। परिजनों ने कंट्रोल रूम में अपहरण की सूचना दे दी। इसके बाद खलबली मच गई।

पुलिस को बताई अपहरण की कहानी

दो घंटे बाद स्कॉर्पियो सवार राजपाल को कैलाश मंदिर के पास छोड़ गए। इसके बाद राजपाल ने पुलिस को पूरी कहानी बताई। राजपाल ने थाने जाकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर अजय कौशल ने बताया कि आशंका है कि दिल्ली पुलिस की टीम गलत आदमी को उठाकर ले गई थी। पूछताछ कर उसे छोड़ दिया।