BEGUSARAI/PATNA : मटिहानी थाना अंतर्गत रामदीरी चार पंचायत के सीतारामपुर गांव में चौथी क्लास की 11 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही। पीडि़ता के पिता ने मटिहानी थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। जिसमें बताया गया कि रचियाही निवासी सुमित कुमार, संतोष कुमार, विवेक कुमार और सुमित के माता-पिता सहित कई अन्य को नामजद किया गया है। सुमित पीडि़ता के स्कूल बस का ड्राइवर है।

पैदल घर आ रही थी लड़की

पीडि़ता के परिजनों ने बताया कि छात्रा शुक्रवार की शाम अपने ननिहाल कचहरी टोल रचियाही से पैदल ही अपने घर सीतारामपुर आ रही थी। इसी बीच लुचो चौक के पास पुराना टोल रचियाही निवासी सुमित कुमार उसे गुमराह कर अपने साथ ले गया। उसे रचियाही में ही एक महिला के घर रखा और तीन अन्य दोस्तों के साथ उससे दुष्कर्म किया। देर शाम तक पीडि़ता के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परंतु लड़की का कुछ पता नहीं चला। परिजनों को लगा कि लड़की घर से मात्र कुछ ही दूरी पर हो रहे सिमरिया घाट रामकथा मेले में चली गई होगी और तब सिमरिया में खोजबीन शुरू की।

पीडि़ता को घर के पास छोड़ा

रामकथा में भी लड़की नहीं मिलने पर परिजन घर आ गए। शनिवार की देर शाम सुमित ने ही पीडि़ता को सीतारामपुर स्थित उसके घर के पास छोड़ दिया। लड़की जब घर पहुंची तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने बताया कि सुमित कुमार गुरुकुल आश्रम उलाव स्कूल के वाहन का चालक है और उसी स्कूल में पीडि़ता भी पढ़ती है। इसलिए सुमित के कहने पर वह उसके साथ चली गई। घटना की सूचना रविवार की सुबह पुलिस को दी गई और तब पुलिस एक्शन में आई।